
यूपी के संभल में तैनात आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई (के.के बिश्नोई) चर्चा में हैं. वह बरेली में पोस्टेड आईपीएस अंशिका वर्मा से शादी करने जा रहे हैं. राजस्थान के बाड़मेर निवासी के.के बिश्नोई ने साल 2017 में अपने दूसरे प्रयास में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 174 हासिल कर आईपीएस बनने का सपना पूरा किया.
उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से ग्रेजुएशन और फ्रांस के पेरिस स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स से मास्टर डिग्री ली. बाद में बिश्नोई ने संयुक्त राष्ट्र के ट्रेड सेंटर में 30 लाख रुपये के सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया. वर्तमान में वह संभल जिले में एसपी के पद पर तैनात होकर अपनी प्रशासनिक कुशलता दिखा रहे हैं.
फ्रांस से पढ़ाई और UN की शानदार नौकरी
केके बिश्नोई की शैक्षणिक यात्रा गांव के प्राथमिक स्कूल से शुरू होकर पेरिस तक पहुंची. उन्होंने फ्रांस सरकार की स्कॉलरशिप पर अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा में मास्टर डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) में एक साल तक काम किया, जहां उन्हें 30 लाख रुपये का सालाना पैकेज मिल रहा था.

हालांकि, उनका मन देश सेवा में लगा था, इसलिए उन्होंने इस हाई-पेइंग जॉब को अलविदा कह दिया और जेएनयू से एम.फिल करने के साथ यूपीएससी की तैयारी में जुट गए. आखिरकार पढ़ने में तेज बिश्नोई ने यूपीएससी एग्जाम भी क्लियर कर लिया और आईपीएस बनने का सपना पूरा किया.
अपराधियों के खिलाफ सख्त
संभल के पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में बिश्नोई हाल ही में सोशल मीडिया पर तब छा गए, जब उन्होंने उपद्रवी युवाओं को समझाते हुए कहा कि 'नेताओं के चक्कर में अपना भविष्य खराब न करें.' इससे पहले गोरखपुर में एसपी सिटी रहते हुए उन्होंने संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार किया था. वहां उन्होंने अपराधियों की लगभग 803 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की थी, जिसके डर से कई अपराधी शहर छोड़कर भाग खड़े हुए थे.

गोरखपुर में हुई थी आईपीएस अंशिका से मुलाकात
आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई संभल में तैनाती से पहले 29 महीने तक गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात रहे थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात 2021 बैच की आईपीएस अंशिका वर्मा से हुई थी, जो उस समय वहां एएसपी के पद पर तैनात थीं. बिश्नोई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफी करीब माने जाते हैं और जब भी मुख्यमंत्री गोरखपुर मठ आते थे, तो बिश्नोई सुरक्षा व्यवस्था में पूरी मुस्तैदी के साथ कमान संभालते थे.