उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रही एक होनहार छात्रा के साथ लखनऊ में बंधक बनाकर गैंगरेप किया गया. वारदात को अंजाम किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि युवती के एक 4 साल पुराने परिचित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दिया. दरिंदों ने पीड़िता को तीन दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा और नशीली कॉफी पिलाकर बारी-बारी से उसका शारीरिक शोषण करते रहे.
पीड़िता दिल्ली के एक नामी कॉलेज से बीए ऑनर्स कर रही है और सिविल सर्विसेज की तैयारी में जुटी है. वह कॉलेज की छुट्टियों में जौनपुर अपने घर आई थी. 15 मई को उसका एडमिट कार्ड आना था, जिसके लिए वह सुहेलदेव एक्सप्रेस से वापस दिल्ली लौट रही थी. ट्रेन चलने के बाद उसने जौनपुर के ही अपने परिचित शिवम यादव को वॉट्सएप पर मैसेज कर दिया. जैसे ही ट्रेन लखनऊ के चारबाग स्टेशन पहुंची, शिवम अपने एक दोस्त शनि यादव के साथ वहां आ धमका.
कॉफी में मिलाई नशीली दवा
दोनों ने जिद करके युवती को ट्रेन से उतार लिया और सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक कमरे पर ले गए. कमरे पर पहुंचने के बाद शनि खाना लेने चला गया. खाना खाने के बाद शिवम ने युवती को कॉफी पीने के लिए दी. आरोप है कि कॉफी में पहले से ही नींद की गोली मिलाई गई थी. कॉफी पीते ही युवती को गहरी नींद और बेहोशी छाने लगी. इसका फायदा उठाकर शिवम ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए. विरोध करने पर भी आरोपी नहीं माना और रातभर हैवानियत करता रहा.
तीन दिन तक 3 आरोपियों ने किया गैंगरेप
अगले दिन यानी 16 मई को शिवम कमरे से बाहर गया और उसका दोस्त शनि यादव वहां पहुंच गया. शनि ने भी डरी-सहमी युवती के साथ जबरन कई बार रेप किया. आरोपी जब भी बाहर जाते, कमरे का दरवाजा बाहर से लॉक कर देते थे. हद तो तब हो गई जब 17 मई को इस घिनौने खेल में एक तीसरा लड़का भी शामिल हो गया, जिसे पीड़िता नहीं पहचानती थी. तीनों ने मिलकर 18 मई की दोपहर तक युवती को बंधक बनाए रखा और बारी-बारी से उसकी आबरू तार-तार करते रहे.
वापस ट्रेन में बैठा दिया
लगातार तीन दिन तक शोषण करने के बाद 18 मई की शाम आरोपियों ने चारबाग स्टेशन के लिए एक कैब बुक की. इसके बाद युवती को जबरन उसी सुहेलदेव एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में बैठाकर दिल्ली के लिए रवाना कर दिया, जिससे वह आई थी. ट्रेन जब बरेली स्टेशन के पास पहुंची, तो डरी-सहमी युवती ने हिम्मत जुटाई और रोते हुए अपने पिता को फोन पर पूरी आपबीती सुनाई.
आनंद विहार में दर्ज हुई FIR
बेटी की बात सुनकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर मदद मांगी. सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम ट्रेन में युवती के पास पहुंची और उसे ढांढस बंधाया. इसके बाद युवती को दिल्ली के आनंद विहार थाने ले जाया गया, जहां पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में जीरो एफआईआर दर्ज की गई.
पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ने में बहुत तेज है और आईएएस बनने का सपना देख रही थी. लेकिन इस घटना के बाद से उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई है. वह गहरे सदमे में है और उसने पूरी तरह से बात करना बंद कर दिया है. पीड़ित पिता ने गुस्से और रुआंसे गालों के साथ इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा, हमें सिर्फ न्याय चाहिए, इन दरिंदों का एनकाउंटर होना चाहिए.
फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है और सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि एफ़आईआर प्राप्त हो गई है जाँच जारी है और जल्दी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.