scorecardresearch
 

UP सरकार में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन पर हमला, दबंगों ने घेरकर पीटा

UP सरकार में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन से जमीन विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि दबंगों ने राज्यमंत्री की बड़ी बहन से मारपीट करने के बाद हवाई फायरिंग भी की. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
पुलिस ने मामले की शुरू की जांच. (Photo: ITG)
पुलिस ने मामले की शुरू की जांच. (Photo: ITG)

फतेहपुर में यूपी सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी पासवान के साथ मारपीट और हवाई फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रैक्टर के आगे कुछ युवक बैठे दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है.

पूरा मामला फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के समशाही सुल्तानपुर गांव का है. रामा देवी पासवान गांव की पूर्व प्रधान भी रह चुकी हैं. उनके साथ मारपीट की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.

बीच-बचाव करने पहुंचीं राज्यमंत्री की बहन, मारपीट का आरोप
रामा देवी पासवान का आरोप है कि गांव में कुछ दबंग एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे. जब उन्होंने बीच-बचाव करते हुए इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का भी आरोप है.

घटना के बाद दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया. पुलिस के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट में किसी भी पक्ष को गंभीर चोट आने की पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, शिव सागर निषाद की तरफ से थाने में तहरीर भी दी गई है.

Advertisement

96 बीघे जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक मामले की जांच में जमीन विवाद सामने आया है. दोनों पक्षों के बीच 96 बीघे जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है.

पुलिस के अनुसार विवादित जमीन के दस्तावेज दूसरे पक्ष के नाम दर्ज हैं, जबकि जमीन पर राज्यमंत्री की बहन रामा देवी पासवान का कब्जा बताया जा रहा है. इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की घटना हुई.

वायरल वीडियो की जांच, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इसे संज्ञान में लिया है. वीडियो में एक ट्रैक्टर के आगे कुछ युवक बैठे दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है.

एसपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी को जांच के लिए गांव भेजा गया था. फिलहाल दूसरे पक्ष के खिलाफ प्राप्त तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement