उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा. इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा डिवीजन ग्रेजुएट्स, मेरठ डिवीजन ग्रेजुएट्स और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं.
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन टीचर्स, वाराणसी डिवीजन टीचर्स, आगरा डिवीजन टीचर्स, मेरठ डिवीजन टीचर्स, बरेली-मुरादाबाद डिवीजन टीचर्स और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं. बता दें, मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: LIVE: बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर आज वोटिंग, अनंत सिंह vs नीरज पर सबकी नजरें
चुनाव मैदान में 152 प्रत्याशी हैं. कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर बाकी 72 जिलों में मतदान होगा. इसमें 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. मतदान के लिए 2,697 मतदेय स्थल बनाए गए हैं.
मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए 11 प्रेक्षक, 1,041 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 456 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे. मतदान के दौरान सुरक्षा के भी भारी इंतजाम किए गए हैं.
मतदान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी कर्मचारियों का सेवा पहचान पत्र और विश्वविद्यालय की ओर से जारी डिग्री या डिप्लोमा के मूल प्रमाण पत्र का इस्तेमाल पहचान पत्र के रूप में किया जा सकेगा. दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण पत्र भी इस्तेमाल किया जा सकता है.