scorecardresearch
 

बिजनौर में जमीन की रंजिश में खूनी खेल, CCTV में कैद, एक की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में जमीन विवाद के बीच दो भाइयों पर हमला हुआ. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक युवक फायरिंग करता दिखाई दे रहा है.

Advertisement
X
बिजनौर में दो भाइयों पर हमला. (Photo: ITG)
बिजनौर में दो भाइयों पर हमला. (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में जमीन के पुराने विवाद में दो भाइयों पर हमले का मामला सामने आया है. घटना 18 अक्टूबर की रात अफजलगढ़ में हुई. आरोप है कि बैठक बंद कर रहे कफील अहमद और उनके भाई शारिम पर धारदार हथियार से हमला किया गया. इसी दौरान तमंचे से गोली भी चलाई गई. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक युवक फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है. हमले में शारिम की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें बिजनौर रेफर किया गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है.

मामला अफजलगढ़ के मोहल्ला बेगम सराय का है. कफील अहमद के मुताबिक, 18 अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे वह अपने भाई शारिम के साथ बैठक बंद कर रहे थे. तभी हसीन और फैसल वहां पहुंच गए. आरोप है कि दोनों ने धारदार हथियार से भाइयों पर हमला कर दिया. इसी दौरान हसीन ने तमंचे से गोली चलाई.

अचानक हुए हमले में दोनों भाई घायल हो गए. शिकायत के मुताबिक, शारिम बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की गई. 

मां, बहन और मोहल्ले के लोगों ने किया बीच-बचाव

कफील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शोर सुनकर उनकी मां, बहन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने बीच-बचाव कर दोनों भाइयों को बचाया. आरोप है कि हमलावर हथियार लहराते हुए वहां से भाग गए. जाते समय उन्होंने आगे भी जान से मारने की धमकी दी.

Advertisement

जमीन को लेकर चल रहा है मुकदमा

कफील अहमद ने हमले की वजह जमीन का पुराना विवाद बताया है. उनका आरोप है कि हसीन, फैसल और रहीम के साथ जमीन को लेकर मुकदमा चल रहा है. यह मामला नगीना की मुंसिफ अदालत में विचाराधीन है. कफील का कहना है कि इसी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया. हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह जांच के बाद ही साफ होगी.

गंभीर हालत में शारिम को बिजनौर रेफर किया गया

घटना के बाद कफील अपने बेहोश भाई शारिम को लेकर अफजलगढ़ थाने पहुंचे. वहां से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया. शिकायत के अनुसार, शारिम की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिजनौर रेफर कर दिया गया.

CCTV में दिखी फायरिंग, पुलिस ने दर्ज की FIR

इस घटना का CCTV फुटेज सामने आया है. इसमें एक युवक तमंचे से फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है. कफील की शिकायत पर अफजलगढ़ पुलिस ने FIR दर्ज की है. शिकायत में हसीन, फैसल और रहीम के नाम शामिल हैं.

जब आजतक ने इस मामले पर KK. Bishnoi से बात की तो उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. CCTV फुटेज के साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल के बाद घटना से जुड़ी बाकी बातें साफ हो सकेंगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement