scorecardresearch
 

यूपी में बेमौसम बारिश, ओले और आकाशीय बिजली ने मचाई तबाही, CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और आसमानी बिजली ने भारी तबाही मचाई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित किसानों और पीड़ितों के परिजनों को मुआवजा राशि बांटने के सख्त निर्देश दिए हैं ताकि अन्नदाताओं को तत्काल राहत मिल सके.

Advertisement
X
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में एक हाई लेवल बैठक कर प्रदेश में बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान की समीक्षा की. पिछले एक हफ्ते में प्राकृतिक आपदा के कारण यूपी में 20 लोगों की जान गई है, जबकि 12 लोग घायल हुए और 33 पशुओं की हानि हुई है. मुख्यमंत्री ने राजस्व और कृषि विभाग को निर्देशित किया है कि हर प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर तुरंत रिपोर्ट भेजी जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है और राहत वितरण में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

24 घंटे में सहायता और कड़े निर्देश

सीएम योगी ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनहानि, पशु हानि और घायलों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए. राहत आयुक्त कार्यालय से सभी जिलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि राहत कार्यों में लापरवाही अक्षम्य होगी और जवाबदेही तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड से जिलों को पर्याप्त धनराशि तुरंत उपलब्ध कराई जाए ताकि सहायता कार्य न रुकें.

आवास और बीमा योजनाओं का लाभ

सरकार ने आपदा पीड़ितों के लिए अन्य सुरक्षा कवरेज का भी ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के घर नष्ट हुए हैं, उन्हें 'मुख्यमंत्री आवास योजना' के तहत प्राथमिकता पर घर दिए जाएं. साथ ही, पात्र लाभार्थियों को 'कृषक दुर्घटना बीमा योजना' के अंतर्गत जल्द लाभान्वित किया जाए. अधिकारियों को बीमा कंपनियों से तालमेल बिठाकर फसल बीमा दावों का त्वरित निपटान सुनिश्चित करने को भी कहा गया है.

Advertisement

मंडी समितियों और सर्वे पर जोर

सीएम ने राजस्व और कृषि विभागों के बीच प्रभावी समन्वय पर जोर दिया है ताकि सर्वे का काम समयबद्ध तरीके से पूरा हो. उन्होंने मंडी समितियों को भी किसानों को हर संभव सहयोग देने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी सीधे किसानों तक पहुंचें और यह सुनिश्चित करें कि उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले. संकट की इस स्थिति में हर प्रभावित तक सहायता पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement