Uttar Pradesh News: महोबा के कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटीपुरा के पास देर रात एक अनियंत्रित पिकअप ने पांच महिलाओं को पीछे से रौंद दिया. ये महिलाएं शहर के एक होटल में शादी समारोह का खाना बनाकर पैदल अपने घर लौट रही थीं. हादसे में 40 वर्षीय श्यामरानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गीता और पूर्व सभासद भागवती ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.
आरोपी चालक वारदात के बाद वाहन लेकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने हमीरपुर के मौदहा से गिरफ्तार कर लिया है. घायल सास-बहू का इलाज जिला अस्पताल और झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
सीसीटीवी में कैद हुआ रोंगटे खड़े करने वाला मंजर
हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि महिलाएं शांति से सड़क किनारे जा रही थीं. तभी पीछे से आई काल बनी पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिलाएं हवा में उछलकर दूर जा गिरीं. मौके पर चीख-पुकार मच गई और हर तरफ खून फैल गया. सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया.
मेहनत-मजदूरी कर चलाती थीं घर
ये सभी महिलाएं मेहनत-मजदूरी कर अपना परिवार पालती थीं. उस रात भी वे होटल मीरा पैलेस में काम निपटाकर घर जा रही थीं. हादसे में घायल 65 वर्षीय तुलसा की हालत नाजुक होने पर उन्हें झांसी रेफर किया गया है, जबकि उनकी बहू राजकुमारी महोबा में ही भर्ती है. सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकारी मदद का आश्वासन दिया. एएसपी वंदना सिंह ने बताया कि चालक को पकड़ लिया गया है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.