कानपुर में एक थाई महिला ने टेनरी कारोबारी मोहम्मद इरफान पर शादी के बाद धोखा देने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि रिश्ते के दौरान उसने इरफान को करीब 55 लाख रुपये की दो महंगी स्पोर्ट्स बाइकें दिलवाई थीं. आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो इरफान ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी.
थाईलैंड की रहने वाली अपसॉर्न मंगलवार को मामले की शिकायत लेकर एडीसीपी ईस्ट शिवा सिंह से मिली. उसने बताया कि थाईलैंड में उसका रेस्टोरेंट का कारोबार है. इरफान कारोबार के सिलसिले में वहां आता-जाता था। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए दोनों की पहचान हुई और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया.
अपसॉर्न के मुताबिक, करीब चार साल तक दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहे. इसके बाद दो साल पहले उन्होंने थाई परंपरा के अनुसार शादी कर ली. महिला ने पुलिस अधिकारियों के सामने शादी से संबंधित तस्वीरें, कार्ड और अन्य दस्तावेज भी पेश किए.
'मेरे साथ रहना है तो इस्लाम कबूल करना होगा'
महिला का आरोप है कि शादी के बाद जब उसने इरफान से साथ रहने की बात कही तो उसका रवैया बदल गया. अपसॉर्न के मुताबिक, इरफान ने उससे कहा कि भारत में उसके साथ रहना है तो उसे इस्लाम कबूल करना होगा और बुर्का पहनकर रहना पड़ेगा.
महिला का कहना है कि उसने धर्म बदलने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद उसने इरफान को दिए गए पैसे वापस मांगने शुरू किए. आरोप है कि इरफान ने पहले रकम लौटाने में टालमटोल की और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया.
अपसॉर्न के मुताबिक, फरवरी 2026 में इरफान भारत लौट आया था. शुरुआत में उसने बीमारी का हवाला दिया, लेकिन बाद में उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया. कई बार फोन करने के बावजूद बात नहीं हुई तो वह सोमवार को कानपुर पहुंच गई.
घर पहुंची तो पता चला, इरफान पहले से शादीशुदा है
महिला अपने एक परिचित के साथ इरफान के लाटूश रोड स्थित घर पहुंची. यहां उसे पहली बार पता चला कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं. इसके बाद अपसॉर्न अधिवक्ता महताब अली के साथ पुलिस अधिकारियों से मिली. उसका आरोप है कि घर पर पहुंचने के बाद इरफान ने पहले उसे पहचानने से इनकार किया. बाद में पहचानने के बाद भी उसके साथ विवाद हुआ और उसने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया. महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया.
दो जन्मदिन पर लाखों की बाइकें खरीदने का दावा
अपसॉर्न ने पुलिस को बताया कि इरफान को महंगी कारों और स्पोर्ट्स बाइक का शौक है. उसका दावा है कि इरफान के दो जन्मदिन के मौके पर उसने दो बाइकों के लिए रकम दी थी.
महिला के मुताबिक, पहली बाइक के लिए करीब 21 लाख रुपये और दूसरी के लिए लगभग 34 लाख रुपये दिए गए. इस तरह दोनों बाइक पर करीब 55 लाख रुपये खर्च हुए.
इरफान सोशल मीडिया पर भी अपनी महंगी बाइकों के साथ वीडियो पोस्ट करता रहा है. उसके इंस्टाग्राम अकाउंट 'एम इक व्लॉगे' पर बाइक खरीदने और उन्हें कानपुर की सड़कों पर चलाने से जुड़े वीडियो बताए जा रहे हैं. एक वीडियो में वह अपने पुराने अंदाज में लौटने की बात करता दिखाई देता है. अपसॉर्न का दावा है कि बाइक के अलावा इरफान के पास तीन महंगी कारें भी हैं.
रेस्टोरेंट को गिरवी रखकर रकम जुटाने का दावा
अपसॉर्न ने पुलिस को बताया कि थाईलैंड में उसका रेस्टोरेंट और कैंटीन का कारोबार है. उसका दावा है कि इरफान पर पैसा खर्च करते-करते उसके पास रकम कम पड़ने लगी थी. इसके बाद उसने अपना रेस्टोरेंट बैंक के पास गिरवी रखकर लोन लिया.
महिला का कहना है कि इसके बावजूद जरूरत पूरी नहीं हुई तो उसने अपनी बहन और रिश्तेदारों से भी पैसे उधार लिए और इरफान को रकम देती रही. अब जब वह अपना पैसा वापस मांग रही है तो इरफान ने उससे संपर्क खत्म कर लिया.
महिला ने पुलिस को शादी के दौरान पहनी गई अंगूठियों की तस्वीरें भी दिखाई हैं. उसका कहना है कि उसने दोनों के नाम वाली अंगूठियां बनवाई थीं, जिन्हें शादी के समय इरफान ने उसे पहनाया था.
2012 में हुई थी इरफान की पहली शादी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इरफान की पहली शादी वर्ष 2012 में हुई थी. उसके तीन बच्चे हैं. जाजमऊ में 'इरफान टेनरी' नाम से उसकी पार्टनरशिप में टेनरी का कारोबार बताया गया है. इसमें रेहान नाम का व्यक्ति भी पार्टनर है.
इरफान का परिवार इफ्तिखाराबाद की एक गली में स्थित पुराने मकान में रहता है. पुलिस के मुताबिक, इसी मकान से उसकी गिरफ्तारी की गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में इरफान की लाइफस्टाइल में काफी बदलाव आया था और वह महंगी गाड़ियों से घूमता था.
गिरफ्तारी के बाद रोने लगा इरफान
पुलिस की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार देर रात इरफान को मीडिया के सामने लाया गया. उसने रुमाल से चेहरा ढक रखा था. पत्रकारों के सवालों के बीच वह भावुक होकर रोने लगा.
वहीं, इरफान की मां ने थाई महिला के सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि महिला उनके बेटे को पैसों के लिए फंसा रही है और ब्लैकमेल कर रही है.
मां के मुताबिक, इरफान ने परिवार को बताया था कि कारोबार में उसे नुकसान हुआ है और परिवार के लोगों ने भी उसकी आर्थिक मदद की थी. महंगी बाइकों को लेकर उनका दावा है कि इरफान ने उन्हें अपनी कमाई से खरीदा था. उन्होंने कहा कि बाइक खरीदने को लेकर उसके पिता भी उससे नाराज रहते थे.
थाईलैंड जाने को लेकर मां ने बताया कि इरफान के पिता उसे वहां जाने से रोकते थे. महिला से बेटे के संबंधों को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ बातें पता थीं, लेकिन उन्होंने बेटे की निजी जिंदगी में दखल नहीं दिया.
मां का दावा- 'बेटे को ब्लैकमेल किया जा रहा'
इरफान की मां ने कहा कि थाई महिला लंबे समय से उनके बेटे पर दबाव बना रही थी. उनका दावा है कि महिला एक बच्चे की मां है और इसी आधार पर वह इरफान को ब्लैकमेल कर रही थी. उन्होंने कहा कि इसी वजह से उनका बेटा मानसिक तनाव में भी रहता था.
टेनरी के बारे में उन्होंने कहा कि कारोबार उनके पति ने छोटे स्तर से शुरू किया था और धीरे-धीरे उसे आगे बढ़ाया. उन्होंने थाई महिला के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि अब उन्हें कानून और अल्लाह के इंसाफ पर भरोसा है.
पुलिस ने दर्ज किया केस
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, अपसॉर्न की शिकायत के आधार पर मोहम्मद इरफान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इसमें धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, मारपीट, धोखाधड़ी समेत अन्य धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.