scorecardresearch
 

गली में बेटी को बेरहमी से पीटा, ढाई साल की मासूम को पिता ने बार बार नाले में डुबोया, VIDEO

सुल्तानपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. एक पिता ने अपनी मासूम बेटी पर ऐसा अत्याचार किया, जिसे देखकर हर किसी का दिल दहल गया. बच्ची को बेरहमी से पीटने और नाले में डुबोने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

Advertisement
X
मासूम को पिता ने बार- बार नाले में डुबोया (Photo: itg)
मासूम को पिता ने बार- बार नाले में डुबोया (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक पिता द्वारा अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ की गई हैवानियत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में आरोपी अपनी ही बेटी को बेरहमी से पीटता और गंदे नाले में डुबोने की कोशिश करता दिखाई दिया.वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

ढाई साल की बेटी पर बरसाए लात घूंसे

मामला कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर इलाके का है. पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो 30 मई की दोपहर करीब 2:30 बजे का बताया जा रहा है. वीडियो में मोनू उर्फ योगेन्द्र सिंह नामक व्यक्ति अपनी करीब ढाई से तीन साल की बेटी पर लात-घूंसों की बरसात करता नजर आ रहा है.बच्ची दर्द से तड़पती रही, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ.

नाले में डुबोने की बार- बार कोशिश

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बच्ची को सड़क किनारे बह रहे गंदे नाले के पानी में बार-बार डुबोने का प्रयास किया. इस दौरान मासूम खुद को बचाने के लिए संघर्ष करती रही. घटना को देख आसपास मौजूद कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर बच्ची को बचाने की कोशिश की.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब लोगों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो वह और अधिक आक्रामक हो गया. उसने एक मकान का दरवाजा जोर-जोर से हिलाया और उसे तोड़ने की कोशिश की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

गिरफ्तार हुआ हैवान पिता

घटना का वीडियो एक व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हुआ, जिसके बाद कोतवाली नगर की निराला नगर चौकी पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति मोनू उर्फ योगेन्द्र सिंह ही है और पीड़ित बच्ची उसकी बेटी है.

पुलिस ने वायरल वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है. वहीं, मासूम बच्ची के साथ हुई इस बर्बरता को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है.
 



 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement