scorecardresearch
 

Reel बनाने टंकी पर चढ़े, 60 फीट से गिरे बच्चे... एक की मौत, हेलीकॉप्टर से बचाए गए दो मासूम

सिद्धार्थनगर में रील बनाने के दौरान 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़े पांच बच्चों में से तीन गिर गए. इस हादसे में 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए. वहीं, दो बच्चे टंकी पर फंस गए, जिन्हें एयरफोर्स के Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर से 16 घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया. दलदल और बारिश से रेस्क्यू अभियान में बाधा आई थी.

Advertisement
X
सीएम के निर्देश पर एक्शन.(Photo: Screengrab)
सीएम के निर्देश पर एक्शन.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. कांशीराम आवास इलाके में शनिवार दोपहर पांच बच्चे 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर वीडियो बनाने के लिए चढ़ गए. उतरते समय सीढ़ी टूटने से तीन बच्चे नीचे गिर गए, जिनमें 13 वर्षीय सिद्धार्थ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे एक साथ सीढ़ी से उतर रहे थे, तभी अचानक वजन बढ़ने से सीढ़ी टूट गई और तीन बच्चे करीब 50 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़े. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई.

यह भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर की बूढ़ी राप्ती नदी में डूबे दो मेडिकल छात्र: जिस बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए पिता चलाता था ऑटो, अब उसी के अंतिम सफर के लिए मांगना पड़ा चंदा!

इस दौरान दो बच्चे टंकी के ऊपर ही फंस गए, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन टंकी के आसपास दलदल होने के कारण शुरुआती प्रयासों में दिक्कतें आईं.

दलदल और बारिश से बाधित हुआ रेस्क्यू

फंसे बच्चों को बचाने के लिए पहले क्रेन मंगवाई गई, लेकिन दलदल के कारण क्रेन मौके तक नहीं पहुंच सकी. रात में सड़क बनाने की कोशिश की गई, मगर बारिश ने अभियान को और मुश्किल बना दिया.

Advertisement

स्थिति गंभीर होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर रात घटना का संज्ञान लिया और तुरंत मदद के निर्देश दिए. इसके बाद बच्चों के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए वायुसेना से सहायता मांगी गई.

अधिकारियों ने पूरी रात मौके पर डटे रहकर राहत कार्य जारी रखा और हर संभव प्रयास किया गया कि फंसे बच्चों को सुरक्षित निकाला जा सके.

वायुसेना का ऑपरेशन और सफल एयरलिफ्ट

रेस्क्यू के लिए Indian Air Force का Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर लगाया गया. हेलीकॉप्टर के जरिए करीब 16 घंटे चले अभियान के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. यह ऑपरेशन सुबह लगभग 5:20 बजे सफलतापूर्वक पूरा हुआ. घटना के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और एसएसपी अभिषेक महाजन समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.

यह हादसा एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे स्टंट करने के खतरों को उजागर करता है. बताया गया कि टंकी काफी समय से मरम्मत के कारण जर्जर हालत में थी और बच्चे सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने पहुंचे थे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement