उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे एनएच-9 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई. तीनों युवक गाजियाबाद से गढ़मुक्तेश्वर में अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के शाहपुर जट्ट गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवकों की जान चली गई. मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक, हादसा हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर शाहपुर जट्ट गांव के पास हुआ. गाजियाबाद के नंदग्राम से तीन युवक बाइक पर सवार होकर गढ़मुक्तेश्वर जा रहे थे. उन्हें वहां एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होना था. बताया गया कि इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में जा घुसी. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
मौके पर एक युवक की मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, दो अन्य युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. इस तरह सड़क हादसे में तीनों बाइक सवारों की जान चली गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद दो थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान गोविंद (35), पुत्र रामेश्वर, रवि (37), पुत्र रामेश्वर और बृजेश (45), पुत्र हरिसिंह के रूप में हुई है. तीनों गाजियाबाद के नंदग्राम के रहने वाले थे. गोविंद और रवि सगे भाई थे, जबकि बृजेश उनके गांव का ही रहने वाला था. परिवार और परिचितों के लिए यह हादसा बड़ा झटका है. तीनों युवक घर से रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जान ले ली.
कोई बर्फ की दुकान पर करता था काम, कोई मोबाइल की दुकान पर
जानकारी के अनुसार, गोविंद बर्फ की दुकान पर काम करता था. उसका भाई रवि मोबाइल की दुकान पर काम करता था, जबकि बृजेश मजदूरी करता था. तीनों सुबह बाइक से गाजियाबाद के नंदग्राम से गढ़मुक्तेश्वर के लिए निकले थे. रास्ते में शाहपुर जट्ट गांव के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकरा गई. हादसे में तीनों की मौत हो गई.
पुलिस ने बाइक और पिकअप कब्जे में लिए बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हो गई. पुलिस ने बाइक और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. घटनास्थल पर एनएचएआई के कर्मचारी आसिफ भी पहुंचे. पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.