उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में इंसान और तेंदुए के आमने-सामने आने की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. सिरसिया थाना क्षेत्र के विभूति नाथ मंदिर इलाके में मंगलवार को एक तेंदुए ने किशोर पर हमला कर दिया. जान बचाने की जद्दोजहद में किशोर ने करीब आधे घंटे तक तेंदुए का मुकाबला किया. इस संघर्ष में किशोर और तेंदुआ दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में तेंदुए की मौत हो गई, जबकि किशोर का अस्पताल में उपचार चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में अचानक तेंदुआ पहुंच गया. बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण वह जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके की ओर आ गया था. इसी दौरान उसकी किशोर से मुठभेड़ हो गई और उसने हमला कर दिया.
मौजूद लोगों ने बताया कि तेंदुए के हमले के बाद किशोर ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को बचाने के लिए लगातार संघर्ष करता रहा. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े. लोगों की भीड़ बढ़ती देख तेंदुआ किशोर को छोड़कर पास के एक खेत में जाकर बैठ गया. तब तक दोनों गंभीर रूप से घायल हो चुके थे.
घटना की सूचना मिलते ही किशोर के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे भिनगा भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बहराइच रेफर कर दिया. फिलहाल उसका उपचार जारी है. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घायल तेंदुए का रेस्क्यू कर उसे पूर्वी सोहेलवा रेंज कार्यालय ले गई. हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मृत तेंदुआ करीब तीन वर्ष की मादा थी.
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) गौरव गर्ग ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेंदुए के शरीर पर फंगल संक्रमण के संकेत मिले हैं. आशंका जताई जा रही है कि बीमारी और कमजोरी के कारण उसका व्यवहार आक्रामक हो गया होगा. तेंदुए के नमूने लेकर जांच के लिए बरेली स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं वन विभाग लोगों से सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल अधिकारियों को देने की अपील कर रहा है.