scorecardresearch
 

खेत की 7 दिनों से परिक्रमा कर रही थी गाय, लोगों ने माना चमत्कार... 8वें दिन खुला रहस्य

श्रावस्ती के बसभरिया पुरैना गांव में एक गाय का सात दिनों तक लगातार खेत में चक्कर लगाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे और कई ग्रामीण इसे दैवीय संकेत मानकर पूजा-पाठ करने लगे. भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर गाय को उसके मालिक को सौंप दिया.

Advertisement
X
गाय की पूजा करते लोग. (Photo: Screengrabs)
गाय की पूजा करते लोग. (Photo: Screengrabs)

श्रावस्ती जिले के बसभरिया पुरैना गांव में एक गाय का असामान्य व्यवहार बीते एक सप्ताह तक चर्चा का विषय बना रहा. गाय लगातार 7 दिनों तक एक खेत में चक्कर लगाती रही, जिससे गाय को देखने के लिए 7 दिनों तक लगातार भारी भीड़ उमड़ती रही. वहीं भीड़ देखते हुए पुलिस ने गाय को 8वें दिन उसके मालिक को सुपुर्द कर दिया है. हालांकि कई लोग अब जिस खेत में गौ माता परिक्रमा कर रही थीं, वहां पहुंचकर पूजा-पाठ और खुद परिक्रमा कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गाय ने खेत में घूमना शुरू किया था. वहीं इसके बाद वह रुक-रुक कर लगातार सात दिनों तक खेत में परिक्रमा करती रही. इस दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके चलते न सिर्फ आसपास के गांवों बल्कि दूर-दराज से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे. कुछ ग्रामीणों ने इसे दैवीय संकेत मानते हुए गाय की पूजा-अर्चना तक शुरू कर दी. सात दिनों तक परिक्रमा का क्रम चलता रहा, लोगों की भीड़ जुटती रही. जिससें गांव में भी समस्या उत्पन्न होने लगी.

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने 8वें दिन मौके पर पहुंचकर स्थिति को खुद संभाला और अनावश्यक भीड़ न जुटने देने के निर्देश दिए. साथ ही गाय को उसके मालिक के घर ले जाकर सुपुर्द कर दिया गया. वहीं परिवार को अनावश्यक रूप से भीड़ न जुटने देने के निर्देश भी दिए.

Advertisement

इधर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पशु विभाग की टीम ने तीन दिन पहले ही गांव पहुंचकर जांच की. पशु चिकित्सकों ने बताया था कि गाय ‘सर्रा (हाइपोग्लाइसीमिया) नामक बीमारी से पीड़ित है, जिसमें इस तरह का व्यवहार देखने को मिलता है. गाय का उपचार शुरू कर दिया गया है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

इसलिए ऐसा कर रही थी गाय
डॉक्टरों का दावा है कि धीरे-धीरे गाय स्वस्थ होकर सामान्य व्यवहार करने लगेगी. फिलहाल गांव में हालात सामान्य हैं और ग्रामीण गाय के शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद जता रहे हैं. वहीं विशेषज्ञों के अनुसार यह पूरा मामला किसी चमत्कार का नहीं बल्कि बीमारी से जुड़ा हुआ है. वहीं दूसरी तरफ अब भी ग्रामीण और दूर दराज के लोग सोशल मीडिया पर गाय के व्यवहार को एक संकेत के रूप में देख रहे हैं. साथ ही गाय के जल्द स्वस्थ होने के साथ सामान्य हालत में होने का इंतजार कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement