उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक साल की बच्ची से दुष्कर्म प्रयास के आरोपी के एनकाउंटर को लेकर बड़ा बवाल हो गया. मामला खुटार थाना क्षेत्र के चांदपुर पुलिस चौकी का है, जहां गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. यह पूरा विवाद दो दिन पहले हुए एनकाउंटर से जुड़ा है. पुलिस ने आरोपी गुड्डू के पैरों में गोली मारकर उसे घायल किया था. इसके बाद से ही इलाके में तनाव बना हुआ था. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर कार्रवाई की है.
गुरुवार को गांव की महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में चांदपुर चौकी पहुंचे और वहां जमकर नारेबाजी की. देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. ग्रामीणों ने चौकी को घेर लिया और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे.
एनकाउंटर को लेकर भड़का विवाद
इसी दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कई महिलाएं भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल थीं और पुलिस से भिड़ती नजर आईं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी गुड्डू को उन्होंने खुद पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. उनका आरोप है कि उसके बावजूद पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर उसे गोली मारी. इसी बात को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ता गया.
बाइट- तारा देवी ने कहा कि वह व्यक्ति कुछ नहीं जानता था. वह सब्जी काटने की छुरी तक ठीक से नहीं चला सकता तो तमंचा कैसे चला सकता है. घटना के बाद हालात को काबू में करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया. फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है.
ग्राम प्रधान पर भीड़ भड़काने का आरोप
एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि 9 तारीख को गुड्डू शर्मा नाम के आरोपी को 1 साल की बच्ची से दुष्कर्म प्रयास के मामले में खुटार पुलिस ने गिरफ्तार किया था. इसके बाद 11 तारीख को कुछ लोगों और एक ग्राम प्रधान द्वारा ग्रामीणों को भड़काकर चांदपुर चौकी पर नारेबाजी कराई गई. भीड़ उग्र होने पर हल्का बल प्रयोग कर उसे तितर-बितर किया गया. साथ ही उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे कठोर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.