scorecardresearch
 

यूपी विधानसभा का सत्र शुरू होने से पहले सपा का जोरदार प्रदर्शन, दान पेटी लेकर पहुंचे पार्टी विधायक

यूपी विधानसभा मानसून सत्र से पहले सपा विधायकों ने चंदा चोरी, नीट पेपर लीक और आरक्षण मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है और कल दोपहर 12:30 बजे अनुपूरक बजट पेश करेगी. उन्होंने विपक्ष द्वारा सनातन पर की गई टिप्पणियों की निंदा भी की.

Advertisement
X
यूपी विधानसभा के बाहर सपा का प्रदर्शन (Photo- Screengrab)
यूपी विधानसभा के बाहर सपा का प्रदर्शन (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है. सपा विधायक राम मंदिर दान चोरी, नीट पेपर लीक, आरक्षण और जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को लेकर पोस्टर-बैनर और दान पेटी लेकर पहुंचे. इस हंगामे के बीच योगी सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार विपक्ष के सभी सवालों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरकार कल 12.30 बजे अनुपूरक बजट पेश करेगी.

सपाइयों के हाथ में दान पेटी और प्लेकार्ड

विधानसभा परिसर में समाजवादी पार्टी के विधायकों का विरोध प्रदर्शन काफी उग्र नजर आया. कई विधायक हाथों में प्लेकार्ड और बैनर लिए दिखे, जिन पर राम मंदिर चंदा चोरी, नीट एग्जाम और जंतर मंतर लाठीचार्ज जैसे मुद्दे लिखे हुए थे. कुछ विधायक हाथ में दान पेटी लेकर पहुंचे और सरकार पर तीखे निशाने साधे.

इस बीच सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि चंदा चोरी केस में छोटी मछलियों को पकड़ लिया गया, जबकि बड़े नाम अभी भी फरार हैं. इसके अलावा सपा विधायकों की तरफ से स्कूल, नीटऔर अटकी भर्तियों का मुद्दा भी उठाया जा रहा है. 

सरकार की सफाई और अनुपूरक बजट का ऐलान

विपक्ष के हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जब सरकार हर सवाल पर चर्चा के लिए तैयार है तो ऐसा हंगामा ठीक नहीं है. उन्होंने बताया कि सरकार कल दोपहर 12.30 बजे अनुपूरक बजट पेश करेगी. साथ ही उन्होंने विपक्ष द्वारा सनातन धर्म पर की गई टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई.

Advertisement

सनातन और हिंदू संस्कृति के अपमान पर खन्ना का बयान

सुरेश खन्ना ने कहा कि संसद सत्र के दौरान जिस तरह सनातन को बदनाम किया गया, वह बिल्कुल गलत है. उन्होंने पप्पू यादव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से हिंदू संस्कृति का मजाक उड़ाया गया, वह बेहद शर्मनाक है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सदन के पटल पर सभी मुद्दों का सामना करने को तैयार है.

सपा ने बताया प्लान 

यूपी विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे और कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने भी विरोध प्रदर्शन किया. माता प्रसाद पांडे ने कहा कि सपा इस सत्र में अयोध्या प्रकरण, नीट घोटाले और युवाओं व स्कूलों के मुद्दे प्रमुखता से उठाएगी. वहीं आराधना मिश्रा मोना ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी संसद की तरह विधानसभा में भी अयोध्या के मुद्दे को उठाती रहेगी.

इस बीच सपा विधायक आशुतोष वर्मा मानसून सत्र की शुरुआत से पहले साइकिल में सवार होकर विधानसभा में अंदर आए. साइकिल पर उन्होंने दान पत्र लगा रखा था.  आशुतोष वर्मा ने कहा कि जिस तरीके से अयोध्या में चंदा चोरी हुई है विपक्ष प्रमुखता से इस मुद्दे को इस सदन में उठाने वाला है. वहीं, सपा विधायक नसीम सोलंकी ने छात्रों ने जो लाठियां खाई उसका जवाब सरकार को देना होगा.

Advertisement

सपा नेता इरफान सोलंकी ने मायावती द्वारा पार्टी में लगातार हो रहे फेरबदल पर कहा कि मायावती पर दबाव बनाया जा रहा है, सत्ता में जो दल है उसके द्वारा यह दबाव बनाया जा रहा है, जिसके चलते मायावती को यह सब करना पड़ रहा है. वह दलितों की बड़ी नेता है और आज दलितों का अपमान किया जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement