उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के गंगानगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया. बहरिया थाना क्षेत्र के मजूरा गांव में गेहूं की मड़ाई के दौरान एक 18 वर्षीय युवक की थ्रेसर मशीन में फंसकर मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में गेहूं की कटाई के बाद मड़ाई का काम चल रहा था. खेत में लगे थ्रेसर मशीन के जरिए गेहूं निकाला जा रहा था. इसी दौरान राजकुमार नाम के शख्स का बेटा सुमित मशीन में गेहूं की बालियां डालने का काम कर रहा था. काम के दौरान अचानक उसका हाथ मशीन में फंस गया.
हाथ फंसते ही स्थिति बेहद गंभीर हो गई. मशीन की तेज रफ्तार के कारण युवक खुद को संभाल नहीं पाया और कुछ ही पलों में उसका पूरा शरीर मशीन के अंदर खिंचता चला गया. आसपास मौजूद लोगों ने जब यह भयावह दृश्य देखा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत मशीन बंद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनकर गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे. बेटे की इस हालत को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे गांव में मातम का माहौल है.
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.