scorecardresearch
 

दिवाली से पहले प्रयागराज में दिन-रात घूम रहा चाक, मिट्टी के दीयों की बढ़ी डिमांड तो खिले कुम्हारों के चेहरे

दीपावली से पहले प्रयागराज के अलोपी मंदिर के पास स्थित कुम्हार बस्ती में मिट्टी के दीये बनाने का काम तेज हो गया है. कुम्हार परिवार सुबह से देर रात तक दीये तैयार करने में जुटे हैं. उनका कहना है कि इस बार मांग बढ़ने से काम काफी बढ़ गया है. हाथ के चाक से लेकर इलेक्ट्रिक चाक तक, हर जगह दीये बन रहे हैं. कुम्हारों को उम्मीद है कि दीयों की बिक्री उनके घरों में भी खुशहाली लाएगी.

Advertisement
X
प्रयागराज में चाक से बन रहे मिट्टी के दीये. (Photo: ITG)
प्रयागराज में चाक से बन रहे मिट्टी के दीये. (Photo: ITG)

दीपावली आने वाली है. बाजारों में रौनक है और घरों को सजाया जा रहा है. प्रयागराज की एक बस्ती में इन दिनों त्योहार की तैयारी कुछ अलग अंदाज में चल रही है. यहां सुबह होते ही चाक घूमने लगता है और देर रात तक मिट्टी के दीये बनाने का काम चलता रहता है. वजह है दीपावली से पहले मिट्टी के दीयों की बढ़ती मांग. कुम्हारों का कहना है कि इस बार काम काफी बढ़ गया है. ऐसे में उनकी थकान के बीच एक उम्मीद भी है कि त्योहार इस बार उनके घरों में भी खुशहाली लेकर आएगा.

प्रयागराज में अलोपी मंदिर के पास एक कुम्हार बस्ती है. दीपावली से पहले यहां के घरों में मिट्टी के दीये बनाने का काम तेज हो गया है. किसी घर में मिट्टी तैयार की जा रही है तो कहीं चाक पर दीयों को आकार दिया जा रहा है. कुछ लोग हाथ से चलने वाले चाक पर काम कर रहे हैं, तो कुछ ने काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रिक चाक का सहारा लिया है.

prayagraj potters clay diyas demand rises ahead of diwali

यहां सिर्फ पुरुष ही नहीं, महिलाएं भी इस काम में हाथ बंटा रही हैं. मिट्टी को तैयार करने से लेकर दीये बनाने, उन्हें सुखाने और भट्ठे में पकाने तक पूरा परिवार जुटा हुआ है. हर किसी की कोशिश है कि दीपावली से पहले ज्यादा से ज्यादा दीये तैयार हो जाएं.

यह भी पढ़ें: अयोध्या के दीपोत्सव तक पहुंच रहे सिरसा के दीये, 200 कुम्हार परिवारों को मिला रोजगार; गांव बना 'वोकल फॉर लोकल' की मिसाल

Advertisement

दीपावली नजदीक आते ही दीयों की मांग बढ़ने लगी है. कुम्हारों के मुताबिक, इस बार काम इतना ज्यादा है कि उन्हें आराम करने तक का समय नहीं मिल रहा. सुबह चाक पर बैठने के बाद देर रात तक दीये बनाने का सिलसिला चलता रहता है.

कुम्हार श्याम बाबू प्रजापति बताते हैं कि इस समय काम काफी बढ़ गया है. कई बार खाने-पीने का समय भी नहीं मिल पाता. लेकिन उन्हें खुशी है कि लोग एक बार फिर मिट्टी के दीयों को पसंद कर रहे हैं. उनके लिए यह सिर्फ कुछ दीये बेचने का मौका नहीं है. दीपावली का सीजन उनकी रोजी-रोटी से जुड़ा है. सालभर में त्योहार के आसपास मिलने वाला काम उनके लिए बेहद अहम है.

छोटे से दीये के पीछे कई दिनों की मेहनत

मिट्टी का एक दीया देखने में भले ही छोटा लगता हो, लेकिन उसे तैयार करने में कई काम करने पड़ते हैं. सबसे पहले मिट्टी लाई जाती है. फिर उसे अच्छी तरह तैयार किया जाता है, ताकि चाक पर उसे आसानी से आकार दिया जा सके.

prayagraj potters clay diyas demand rises ahead of diwali

इसके बाद एक-एक करके दीये बनाए जाते हैं. उन्हें धूप में सुखाया जाता है और फिर भट्ठे में पकाया जाता है. इस पूरी प्रक्रिया के बाद ही दीया इस्तेमाल करने लायक बन पाता है. दीपावली की रात जब कोई अपने घर की चौखट या आंगन में मिट्टी का दीया जलाता है, तो उसके पीछे किसी कुम्हार परिवार की कई दिनों की मेहनत भी होती है.

Advertisement

मिट्टी के दीयों से जुड़ी कुम्हारों की उम्मीद

बदलते समय के साथ दीपावली मनाने का तरीका भी बदला है. बाजार में बिजली की लड़ियां और दूसरी तरह की सजावट के सामान मौजूद हैं.

prayagraj potters clay diyas demand rises ahead of diwali

इसके बावजूद मिट्टी के दीयों की अपनी जगह बनी हुई है. कुम्हारों को उम्मीद है कि इस बार भी लोग अपने घरों में मिट्टी के दीये जलाएंगे. इससे एक तरफ त्योहार की पुरानी परंपरा बनी रहेगी, तो दूसरी तरफ उन परिवारों को भी काम मिलेगा, जिनकी रोजी-रोटी इसी हुनर से चलती है.

प्रयागराज की इस बस्ती में घूमता चाक सिर्फ मिट्टी को दीये का आकार नहीं दे रहा. इसके साथ कई परिवारों की उम्मीदें भी आकार ले रही हैं. दीपावली की रात जब ये दीये जलेंगे, तो उनकी रोशनी में उन हाथों की मेहनत भी शामिल होगी, जो कई दिनों से इन्हें बनाने में जुटे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement