scorecardresearch
 

'पापा... प्लीज नीचे आ जाओ', शराब के नशे में पानी की टंकी पर चढ़े पिता से गुहार लगाता रहा मासूम, आखिर में गिरकर हो गई मौत

सहारनपुर में पत्नी से विवाद के बाद युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया. इस दौरान उसका 5 साल का बेटा माइक से पुकारता रहा 'पापा नीचे आ जाओ.' घंटों तक पुलिस और लोग मनाते रहे, लेकिन वह नहीं माना. आखिरकार टंकी में गिरने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई.

Advertisement
X
पानी की टंकी में गिरने से शख्स की मौत (Photo- ITG)
पानी की टंकी में गिरने से शख्स की मौत (Photo- ITG)

यूपी के सहारनपुर में पत्नी से विवाद के बाद 30 वर्षीय शुभम शराब के नशे में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया. सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए. करीब तीन से चार घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस लगातार माइक से उसे समझाती रही. तभी शुभम  टंकी में गिर गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई. पूरा मामला थाना देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित पेपर मिल रोड की कांशीराम कॉलोनी का है. 

इस दौरान सबसे भावुक पल तब आया जब शुभम का पांच वर्षीय बेटा पुलिस के माइक से बार-बार "पापा नीचे आ जाओ" कहकर पिता से नीचे उतरने की गुहार लगाता रहा. बच्चे की मासूम आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं, लेकिन शुभम अपनी जिद पर अड़ा रहा. स्थानीय लोगों के अनुसार वह पहले भी दो-तीन बार नशे की हालत में इसी तरह पानी की टंकी पर चढ़ चुका था.

बताया जा रहा है कि बीती शाम अचानक शुभम पानी की टंकी के अंदर गिर गया. पुलिस और अन्य लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पत्नी शिवानी ने बताया कि दोनों के बीच पहले ही लिखित समझौता हो चुका था और वह कई वर्षों से अलग रह रही थीं. उनका आरोप है कि शुभम अक्सर नशे की हालत में इस तरह की हरकत करता था.

Advertisement

पूर्व पार्षद प्रदीप उपाध्याय ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि टंकी की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम और बैरिकेडिंग होती तो यह हादसा टाला जा सकता था. वहीं, सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि मृतक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement