scorecardresearch
 

'पापा, मेरी जान को खतरा है...' आखिरी कॉल, बंद CCTV और कार में गायब हुई हिमांशी की लाश! लखनऊ में सनसनीखेज वारदात

लखनऊ के इटौंजा में दहेज के लिए नवविवाहिता हिमांशी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. वारदात के बाद पति और ससुर शव कार में लादकर फरार हो गए. पुलिस ने सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर शव और फरार आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई हैं.

Advertisement
X
लखनऊ में हिमांशी की मौत पर परिजनों ने उठाये सवाल (Photo- ITG)
लखनऊ में हिमांशी की मौत पर परिजनों ने उठाये सवाल (Photo- ITG)

लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. आरोप है कि यहां एक नवविवाहिता की उसके ही ससुराल वालों ने बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए आरोपी पति और उसके परिजन कार में शव को लादकर फरार हो गए. पुलिस ने इस मामले में पति-ससुर समेत 7 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. फरार आरोपियों और शव की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच और सर्विलांस समेत 3 टीमों को लगाया गया है.

बता दें कि सीतापुर के तानसेनगंज निवासी पवन कुमार कश्यप ने अपनी बेटी हिमांशी की शादी 5 महीने पहले अटरिया के बिरसिंहपुर निवासी प्रदीप गौड़ से कराई थी. दोनों ने प्रेम विवाह किया था और फिलहाल इटौंजा कस्बे में रह रहे थे. पिता का आरोप है कि शादी के महज दो महीने बाद से ही हिमांशी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और उसके साथ कई बार मारपीट भी की गई.

घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार को हिमांशी ने रोते हुए अपने पिता को फोन किया. उसने बताया कि ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह पीटा है और उसकी जान को खतरा है. घबराए पिता जब रविवार को बेटी के घर पहुंचे, तो वहां सन्नाटा पसरा था. हिमांशी और उसके ससुराल वालों के मोबाइल फोन बंद थे और आसपास के लोग भी कुछ बोलने को तैयार नहीं थे. सोमवार को जब पिता ने दोबारा चक्कर काटा और कोई सुराग नहीं मिला, तो वह रोते-बिलखते हुए इटौंजा थाने पहुंचे.

Advertisement

पिता की तहरीर पर जब पुलिस जांच करने हिमांशी के घर पहुंची, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए. घर के सीसीटीवी कैमरों में शनिवार तक की फुटेज मिली, जिसके बाद कैमरों को जानबूझकर बंद कर दिया गया था. पुलिस ने जब हिमांशी की ननद, पिता और एक अन्य रिश्तेदार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने कबूल किया कि हिमांशी की दहेज के लिए हत्या कर दी गई है. हालांकि, हत्या कब और कैसे की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को घर के भीतर से चीख-पुकार की आवाजें और बाद में कार में विवाहिता का शव रखे जाने के पुख्ता सबूत मिले हैं.

पड़ोसियों से कहा- 'अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं'

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हिमांशी की हत्या करने के बाद शातिर पति ने घर के सीसीटीवी कैमरे बंद किए. इसके बाद वह पड़ोसियों को यह झूठ बोलकर निकल गया कि वे लोग अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं, ताकि किसी को शक न हो.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति प्रदीप, ससुर श्रीराम और ननद समेत 7 लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और शव को रिकवर करने के साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement