scorecardresearch
 

धनतेरस-दीपावली पर नोएडा में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 4 दिन तक इन रास्तों पर डायवर्जन

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर 5 से 8 नवंबर तक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. सेक्टर-18 के अट्टा मार्केट और आसपास के इलाकों में जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्ट किए जाएंगे. अट्टापीर चौक, अट्टा चौक और सेक्टर-18 के आसपास वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा.

Advertisement
X
नोएडा पुलिस ने धनतेरस-दिवाली के लिए ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है. (File Photo-PTI)
नोएडा पुलिस ने धनतेरस-दिवाली के लिए ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है. (File Photo-PTI)

धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी के लिए नोएडा के बाजारों और शॉपिंग मॉल में भीड़ बढ़ने वाली है. इसे देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने आज 5 से 8 नवंबर तक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. इस दौरान सेक्टर-18 के अट्टा मार्केट और आसपास के इलाकों में जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा. दादरी और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी मालवाहक वाहनों की आवाजाही को लेकर पाबंदियां लागू रहेंगी. ऐसे में घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर कर लें.

अट्टा मार्केट जाने वालों के लिए बदला रास्ता

सेक्टर-18 के अट्टा मार्केट में भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक पुलिस कुछ रास्तों पर डायवर्जन लागू करेगी. अट्टापीर चौक से अट्टा चौक की ओर जाने वाले वाहन अट्टापीर से बाएं मुड़ेंगे. इसके बाद राय रेजिडेंसी चौक से दाएं मुड़कर कैम्ब्रिज स्कूल के सामने से एलिवेटेड रोड के नीचे यू-टर्न लेना होगा. यहां से वाहन सेक्टर-28 कार मार्केट होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.

वहीं, अट्टा चौक से अट्टापीर की ओर जाने वाले वाहनों को अट्टा चौक से बाएं मुड़ना होगा. ये वाहन जीआईपी मॉल के सामने से होते हुए फिल्म सिटी फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न लेंगे. इसके बाद डीएलएफ या सेंटर स्टेज मॉल से बाएं मुड़कर आगे जा सकेंगे.

सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन जाने का रास्ता भी बदला

Advertisement

फिल्म सिटी फ्लाईओवर और सेक्टर-18 गुरुद्वारे की ओर से मेट्रो स्टेशन जाने वाले लोगों को भी रास्ते में बदलाव मिल सकता है. इस तरफ से आने वाला ट्रैफिक सेक्टर-18 अंडरपास से होकर अपने गंतव्य तक जाएगा. इसलिए इस इलाके में आने-जाने वाले लोग पहले से रास्ते की जानकारी रख लें.

वहीं, दादरी कस्बे में लुहारली टोल से एनटीपीसी तिराहे तक भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. यह पाबंदी पहले से लागू नो-एंट्री आदेश के तहत है. जरूरत पड़ने पर रेलवे रोड से आने वाले ट्रैफिक को रेलवे फ्लाईओवर से पहले बाईपास तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा. वहां से वाहन NTPC तिराहे होते हुए आगे जा सकेंगे.

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पहले से लागू नो-एंट्री आदेश के मुताबिक प्रतिबंधित रहेगी.

यह भी पढ़ें: नोएडा में अब एंबुलेंस के लिए पहले से खाली होगा रास्ता! पुलिस ने बनाया खास प्लान, जारी किया हेल्पलाइन नंबर

कहां पार्क करें अपनी गाड़ी?

ट्रैफिक पुलिस ने बाजारों और शॉपिंग मॉल में खरीदारी करने आने वाले लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़े न करें. अपनी गाड़ी बाजार या मॉल की तय पार्किंग में ही पार्क करें. इससे सड़क पर जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा. पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है.

Advertisement

ट्रैफिक से जुड़ी परेशानी होने पर लोग नोएडा ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए 9971009001 और 7065100100 नंबर जारी किए गए हैं. इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @noidatraffic के जरिए भी पुलिस से संपर्क किया जा सकता है. त्योहारों के दौरान बाजार जाने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखना और तय पार्किंग का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement