नोएडा के सेक्टर-16-ए स्थित फिल्म सिटी में एक अजीबोगरीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां नोएडा प्राधिकरण की अंडरग्राउंड पार्किंग में खड़ी एक नई काली हुंडई क्रेटा कार को तीन अज्ञात नकाबपोश युवकों ने पेंट स्प्रे कर पूरी तरह खराब कर दिया. पीड़ित कार मालिक ने घटना को लेकर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है. पूरा मामला थाना सेक्टर 20 इलाके का है.
स्कूटी से आए थे तीनों आरोपी
जानकारी के मुताबिक पीड़ित रोहित की काली रंग की क्रेटा कार फिल्म सिटी पार्किंग में खड़ी थी. पीड़ित का आरोप है कि 7 मार्च की रात करीब 2 बजे तीन युवक स्कूटी से पार्किंग में पहुंचे. तीनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे. इनमें से दो युवक हेलमेट पहने हुए थे, जबकि एक ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था.
यह भी पढ़ें: सबसे अहम ये 3 घंटे... क्या रेकी कर रहा था? विस्फोटक से लदी कार पार्किंग में छोड़ किससे मिला था आतंकी उमर
पार्किंग में घुसने के बाद आरोपियों ने रोहित की कार को निशाना बनाया और पूरी गाड़ी पर पेंट स्प्रे कर दिया. इससे कार का ओरिजिनल पेंट पूरी तरह खराब हो गया और गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है. वहीं कार मालिक पीड़ित रोहित ने इस घटना को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित रोहित ने अपने शिकायत में बताया कि उनकी क्रेटा कार हमेशा फिल्म सिटी की पार्किंग में खड़ी रहती है. 7 मार्च की रात अज्ञात युवकों ने उनकी कार पर पेंट पोत दिया, जिससे पूरी गाड़ी का पेंट खराब हो गया और वाहन चलाने लायक नहीं रहा. पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वहीं इस मामले की शिकायत मिलते ही थाना सेक्टर 20 पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग तरह-तरह प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
लोगों ने प्राधिकरण की पार्किंग व्यवस्था पर उठाया सवाल
यूजर्स नोएडा प्राधिकरण की पार्किंग व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर प्राधिकरण की पार्किंग में खड़ी गाड़ियां भी सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर शहर में वाहन कहां सुरक्षित होंगे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर सीसीटीवी के अधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है.