scorecardresearch
 

कैंसर मरीज ने नोएडा के ESIC अस्पताल के 5वीं मंजिल से कूदकर दी जान, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

नोएडा के सेक्टर-24 स्थित ESIC अस्पताल में मुंह के कैंसर से पीड़ित 47 वर्षीय मुकेश कुमार ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय पत्नी बाथरूम में थीं. परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मरीज बीमारी से तनाव में था.

Advertisement
X
मुकेश कुमार 9 मार्च से अस्पताल में भर्ती थे. (File Photo:  Bhupinder Chaudhary/ITG)
मुकेश कुमार 9 मार्च से अस्पताल में भर्ती थे. (File Photo: Bhupinder Chaudhary/ITG)

नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र स्थित ESIC हॉस्पिटल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मुंह के कैंसर से पीड़ित एक मरीज ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मामले में आगे की जांच जारी है.

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 47 वर्षीय मुकेश कुमार निवासी भंगेल के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि मुकेश कुमार को 9 मार्च को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी देखभाल के लिए उनकी पत्नी भी उनके साथ अस्पताल में मौजूद थीं.

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर मची चीख-पुकार... ट्रैक पर कूदी युवती, गंभीर हालत, पहचान की कोशिश जारी

बताया जा रहा है कि घटना के समय उनकी पत्नी बाथरूम में गई हुई थीं. जब वह वापस लौटीं, तो मुकेश वार्ड में मौजूद नहीं थे. इसके बाद पता चला कि उन्होंने पांचवीं मंजिल पर सीढ़ियों के पास बनी खिड़की खोलकर नीचे छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही के लगाए आरोप

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि घटना के समय वहां कोई भी हॉस्पिटल स्टाफ या डॉक्टर मौजूद नहीं था. अगर, हॉस्पिटल स्टाफ मौजूद होता तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था.

Advertisement

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण मरीज को इतनी ऊंचाई से कूदने का मौका मिला. इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस जांच में जुटी, तनाव में उठाया कदम

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल के अनुसार, पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने निजी अस्पताल की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है. सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.

जांच में पता चला कि भंगेल का रहने वाला मुकेश कुमार मुंह के कैंसर के इलाज के चलते अस्पताल में भर्ती था और उसकी पत्नी उसकी देखभाल कर रही थीं. पुलिस के मुताबिक, बीमारी से उत्पन्न तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया.

पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement