उत्तर प्रदेश के मेरठ में ब्लैकमेलिंग और अवैध संबंधों के जाल में उलझी एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. पत्नी का अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल कर रही प्रेमिका की हत्या कर दी गई. आरोपी पड़ोसी प्रेमी सोनू (36) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की पहचान गुलफ़्शां (35) के रूप में हुई है, जिसका शव शनिवार सुबह एक खेत में पड़ा मिला था.
पुलिस जांच में सामने आया कि गुलफ़्शां सोनू को उसकी पत्नी का अश्लील वीडियो दिखाकर लगातार ब्लैकमेल कर रही थी और पैसे की मांग कर रही थी. पैसे न देने पर वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी दी जा रही थी. इसी से परेशान होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दे दिया.
यह भी पढ़ें: मेरठ: घर से सब्जी लेने निकली किशोरी को किडनैप कर जंगल में किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, सोनू ने प्रेम का हवाला देकर गुलफ़्शां को खेत में बुलाया और धारदार हथियार ‘बलकटी’ से उसके सिर, चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर करीब 10 वार कर हत्या कर दी.
खेत में मिला शव, 200 मीटर दूर मिला हथियार
शनिवार सुबह ग्रामीणों को गांव के रमेश के गेहूं के खाली खेत में महिला का शव पड़ा मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव की पहचान गुलफ़्शां के रूप में हुई. घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर हत्या में इस्तेमाल की गई बलकटी भी बरामद हुई.
क्राइम सीन देखकर पुलिस ने बताया कि गुलफ़्शां ने बचने की काफी कोशिश की होगी. हमले के दौरान उसने अपना हाथ आगे कर दिया, जिससे उसकी एक उंगली कटकर अलग हो गई. करीब 100 मीटर के इलाके में खून फैला मिला. गुलफ़्शां के पिता शाहिद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी और आरोपी तक पहुंच गई.

उलझे रिश्तों का खुलासा
जांच में सामने आया कि गुलफ़्शां और उसके पति मोनू ने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था. यह गुलफ़्शां की दूसरी और मोनू की चौथी शादी थी. पति की मौत के बाद गुलफ़्शां दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी.
मोनू दूध डेयरी का काम करता था. शुक्रवार को गुलफ़्शां बच्चों की किताब खरीदने के लिए घर से परीक्षितगढ़ के लिए निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी. अगले दिन उसका शव मिला.
जांच में पता चला कि मोनू और सोनू की पत्नी के बीच भी नजदीकी संबंध थे. बताया गया कि मोनू ने सोनू की पत्नी का नहाते समय वीडियो बना लिया था. यही वीडियो बाद में पूरे विवाद और ब्लैकमेलिंग की वजह बना.
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रची हत्या
पुलिस के मुताबिक, गुलफ़्शां इस वीडियो के जरिए सोनू से पैसे मांग रही थी और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रही थी. इसी खुन्नस में सोनू ने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया.
सीओ सुधीर सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया है. पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी अपने घर लौट गया था, लेकिन जांच के दौरान उसे पकड़ लिया गया. अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.