लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के पिपरसड गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब 25 वर्षीय विवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतका निशु की शादी 2019 में पिपरसड के रहने वाले पवन राजपूत से हुई थी. दोनों के दो छोटे बच्चे भी हैं. घटना के समय पति पवन घर से बाहर था. जब वह वापस लौटा तो उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया. कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला. जब खिड़की से झांककर देखा तो निशु दुपट्टे से लटकी हुई थी.
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव को उतारा. पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद कहा है कि मामला संदिग्ध है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'पत्नी के अत्याचार से हारा हूं, समय नहीं था जाने का...', वीडियो बनाकर फांसी पर झूला इंजीनियर
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतका के भाई अंकित का कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था. ससुराल पक्ष द्वारा 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी और इसी को लेकर निशु को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था.
अंकित ने आरोप लगाया कि बहन की हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया. घटना वाले दिन दोपहर करीब 2 बजे उन्हें बहनोई पवन का फोन आया था, जिसमें फांसी लगाने की सूचना दी गई थी. जब अस्पताल पहुंचे तो निशु को मृत पाया.
फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है.