मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कल शुक्रवार को अयोध्या दौरा है. चंदा चोरी के मामले की जांच के बीच इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने जो प्रोटोकॉल तैयार किया है, उसमें राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से चंपत राय की बजाय उनके प्रतिनिधि को शामिल करने की बात कही गई है. यानी प्रोटोकॉल के मुताबिक मुख्यमंत्री के साथ होने वाले कार्यक्रमों और मंच पर ट्रस्ट का प्रतिनिधित्व कोई और करता दिखाई देगा.
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या आगमन और राम मंदिर से जुड़े कार्यक्रमों के लिए जो आधिकारिक प्रोटोकॉल तैयार किया गया है, उसमें ट्रस्ट की ओर से चंपत राय के बजाय उनके प्रतिनिधि की मौजूदगी की बात कही गई है. आमतौर पर मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी कार्यक्रमों में मौजूद रहते हैं, लेकिन इस बार चंपत राय का नाम सूची में नहीं होने से चर्चाएं तेज हो गई हैं.
यह भी पढ़ें: पहले चंपत राय पर आरोप, अब यू-टर्न… राम मंदिर 'चंदा चोरी' पर विनय कटियार का बदला रुख
राम मंदिर आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण तक, चंपत राय उन चेहरों में रहे हैं, जिन्हें अयोध्या की राजनीति और राम मंदिर की पूरी कहानी से अलग करके नहीं देखा जा सकता. राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव होने के नाते वे लंबे समय से मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और सार्वजनिक मामलों में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. हालांकि यह भी सच है कि चंपत राय हमेशा मंच और कैमरों के सामने रहने वाले नेताओं में नहीं रहे. कई मौकों पर मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान ट्रस्ट की ओर से दूसरे पदाधिकारी भी दिखाई देते रहे हैं.
दरअसल, इस प्रोटोकॉल को ऐसे समय में देखा जा रहा है, जब हाल के दिनों में चंपत राय का नाम एक अन्य वजह से भी चर्चा में रहा है. उनसे जुड़ी कुछ शिकायतों और विवादों के सिलसिले में एसआईटी पूछताछ की खबरें सामने आई थीं. ऐसे में जैसे ही मुख्यमंत्री के दौरे के प्रोटोकॉल से उनका नाम गायब होने की जानकारी आई, राजनीतिक गलियारों में दोनों घटनाओं को जोड़कर देखा जाने लगा. हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिसमें दोनों मामलों के बीच किसी तरह का संबंध बताया गया हो.
करीब 7:30 घंटे तक अयोध्या और गोंडा में रहेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को अयोध्या और गोंडा के दौरे पर रहेंगे. उनका कार्यक्रम सुबह 10:35 बजे अयोध्या जिले की रुदौली विधानसभा स्थित मां कामाख्या धाम हेलीपैड पर पहुंचने के साथ शुरू होगा. यहां वे मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे, वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसी के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.
इसके बाद दोपहर 12:05 बजे गोंडा के लिए रवाना होंगे. गोंडा में आयुक्त सभागार में देवीपाटन और बस्ती मंडल के लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे. दोपहर 2:40 बजे गोंडा से अयोध्या पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री 3 बजे हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे.
इसके बाद वे रिषभदेव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, फिर मनिराम दास छावनी पहुंचकर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे. शाम 5:10 बजे मुख्यमंत्री रामयण वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे और शाम 6 बजे रामकथा पार्क हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे. मुख्यमंत्री का यह दौरा करीब साढ़े सात घंटे का रहेगा, जिसमें धार्मिक, प्रशासनिक और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं.