scorecardresearch
 

लखनऊ: गेमिंग जोन में लगी भीषण आग, जान बचाने को छत से कूदे लोग

लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में एक इमारत में लगी भीषण आग पर काबू पा लिया गया है. आग के दौरान फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. एक शख्स, जिसने इमारत से छलांग लगाई थी, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब तक किसी भी मौत की पुष्टि नहीं हुई है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है.

Advertisement
X
इमारत में लगी भीषण आग. (Photo: Screengrab)
इमारत में लगी भीषण आग. (Photo: Screengrab)

राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई. घटना को लेकर शुरुआती जानकारी में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी की बात सामने आई थी, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इमारत में न तो कोई कोचिंग सेंटर था और न ही लाइब्रेरी चल रही थी. अधिकारियों के अनुसार ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन संचालित था, जहां कर्मचारी गेमिंग सॉफ्टवेयर पर काम करते थे.

आग लगने के बाद ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोगों के फंसे होने और बाथरूम में बंद होने की अपुष्ट सूचना भी सामने आई, लेकिन बाद में राहत और बचाव कार्य के दौरान सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया. आग की भयावह स्थिति को देखते हुए कई लोग इमारत से बाहर निकलने के लिए छज्जों और अन्य हिस्सों का सहारा लेते नजर आए. एक शख्स ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पेट शॉप और गेमिंग जोन में फैली आग

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है. फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे. घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे. उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए. 

Advertisement

सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया, एक घायल अस्पताल में भर्ती

इस घटना पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी जानकारी ली और राहत कार्यों की निगरानी की. शुरुआती आशंका के बीच 4-5 लोगों के फंसे होने की सूचना सामने आई थी, लेकिन बाद में सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया. लखनऊ पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी मौत की पुष्टि नहीं हुई है. घटना के बाद इलाके में फैली अफरा-तफरी अब शांत हो चुकी है और स्थिति नियंत्रण में है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement