उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में बुधवार शाम हाईवे किनारे झड़ियों मे बंद बक्से में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. लगभग 15 घंटे बीत जाने के बाद भी महिला की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और लगातार होटल, दुकान चौराहा पर लगे सीसीटीवी फुटेज खांगल रही है. वही मृतका के बाएं हाथ पर सूरज का निशान और “JEEV” गुदा हुआ है, जबकि दाहिने हाथ पर गणेश और बिच्छू का टैटू बना हुआ मिला है, जो उसकी पहचान में अहम सुराग साबित हो सकता है.
कोखराज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर नेशनल हाईवे-2 के किनारे झाड़ियों में एक बंद बक्से के अंदर करीब 30 साल की महिला का शव बरामद हुआ. पुलिस के मुताबिक किसी दो कार सवार द्वारा बक्से को फेंके जाने सूचना मिली थी, वह कौन लोग थे इसकी तलाश की जा रही है. सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस, एएसपी राजेश सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए.
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है. माना जा रहा है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए हाईवे किनारे फेंका गया है. पुलिस आसपास के हाईवे और चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है.
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया है और जल्द घटना के खुलासे का दावा किया है. फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने की कोशिश में जुटी है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह महिला कौन है और उसकी हत्या किसने और क्यों की.