Uttar Pradesh News: बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र में करवा चौथ के खास मौके पर पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत एक परिवार को टूटने से बचा लिया. एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर थाना पुलिस ने लंबे समय से अलग रह रहे पति सचिन और पत्नी स्वाति के विवाद को कुछ ही घंटों में प्यार से सुलझा दिया. लेबर कॉलोनी निवासी स्वाति ने पति सचिन के खिलाफ शराब पीकर मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई थी. थाना प्रभारी विनोद सिंह ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर काउंसिलिंग की, जिससे दोनों के बीच की कड़वाहट खत्म हो गई और वे खुशी-खुशी एक-साथ अपने घर लौट गए.
शराब की आदत बनी थी विवाद की वजह
लेबर कॉलोनी की रहने वाली स्वाति ने अपने पति सचिन की शराब पीने की आदत और मारपीट से तंग आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. इस पारिवारिक कलह के कारण दोनों लंबे समय से अलग-अलग रह रहे थे. करवा चौथ के दिन मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए थाने में आमंत्रित किया था.
थाने में दी गई काउंसिलिंग, मिला गुलाब का फूल
थाना सीबीगंज में पुलिस अधिकारियों ने पति-पत्नी को बैठाकर बेहद प्यार से समझाया. पुलिस की यह कोशिश रंग लाई और दोनों अपनी गलतफहमियां भुलाकर एक-दूसरे को माफ करने के लिए तैयार हो गए. सुलह के बाद पुलिस ने दोनों से एक-दूसरे को गुलाब का फूल भेंट करवाया। इस भावुक पल में पुलिसकर्मियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया.
रामपुर वापस लौटा जोड़ा, पुलिस की हो रही तारीफ
विवाद सुलझने के बाद सचिन अपनी पत्नी स्वाति को लेकर अपने घर रामपुर रवाना हो गया. उसने पुलिस से वादा किया है कि वह अब कभी शराब पीकर झगड़ा नहीं करेगा और पत्नी को हमेशा खुश रखेगा. पुलिस की इस संवेदनशील पहल और परिवार को बचाने के इस प्रयास की पूरे शहर में खूब तारीफ हो रही है.