scorecardresearch
 

शादी के 14वें दिन दुल्हन की मौत... पति बोला- मजाक कर रही थी, तभी छत से गिर गई

झांसी में शादी के महज 14 दिन बाद नवविवाहिता प्रियंका मिश्रा की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई. पति शुभम का दावा है कि प्रियंका छत की मुंडेर पर मजाक में पैर लटकाकर बैठी थी, तभी संतुलन बिगड़ गया और नीचे गिर गई.

Advertisement
X
शादी में नवविवाहिता की छत से गिर हुई मौत. (File Photo: Pramod Gautam/ITG)
शादी में नवविवाहिता की छत से गिर हुई मौत. (File Photo: Pramod Gautam/ITG)

यूपी के झांसी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां शादी के महज 14वें दिन ही दुल्हन अचानक ससुराल की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई. घर के लोग उसे उठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई. वह नीचे कैसे गिरी यह तो जांच में पता चलेगा, लेकिन पति का कहना है कि वह छत की मुंडेर (बाउंड्री) पर पैर लटका कर मजाक कर रही थी, तभी नीचे गिर गई. मौके पर पहुंची पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है.

मृतका की पहचान 30 वर्षीय प्रियंका मिश्रा के रूप में हुई है. उसका मायका गोरखपुर जिले में है. उसके पिता कस्टम विभाग से रिटायर्ड बताए जा रहे हैं. वह काफी होशियार थी और बीएड भी कर चुकी थी. अभी 28 अप्रैल को उसकी झांसी के सीपरी बाजार थानांतर्गत मिशन कंपाउंड में रहने वाले शुभम से शादी हुई थी. 

पति शुभम ने बताया कि उनकी करीब डेढ़ साल पहले जीवन साथी डॉट कॉम से मुलाकात हुई थी. मुलाकात के बाद उनके बीच बातचीत होने लगी और उन्होंने शादी करने का निर्णय ले लिया. जिसमें दोनों परिवारों के सहमति हो गई और उन्होंने 28 अप्रैल को शादी कर ली. इसके बाद 2 मई को रिसेप्शन भी हुआ.

पति ने किसी भी तरह के विवाद से किया इनकार
सोमवार को शादी के उपलक्ष्य में घर पर सुहागिनों का खाना था. कार्यक्रम चल रहा था, तभी लगभग 4.30 बजे प्रियंका अपने कमरे में आई. कुछ देर बाद वह दोनों छत पर गए और बातें करने लगे. इस दौरान प्रियंका छत की मुंडेर पर मजाक में पैर लटकाने लगी तो उसने मना किया. लेकिन वह फिर मजाक करने लगी और पैर मुंडेर पर लटका दिया. इतने में प्रियंका दूसरी मंजिल से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई. सभी लोग उसे उठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी मौत हो गई. पति ने किसी तरह के विवाद से इनकार किया है.

Advertisement

हालांकि घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं? क्योंकि पति शुभम यह नहीं बता पाया कि धूप होने के बावजूद वह दोनों छत पर क्यों गए? मामले को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही सीपरी थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया है. साथ ही घटना का वास्तविक कारण जानने के लिए टीम जांच में जुट गई है. पति समेत सभी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement