
यूपी के जौनपुर में चार साल की बच्ची की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है. मृतका एक शादी में शामिल होने आई थी. सोमवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. देर शाम जब बच्ची का शव वापस गांव जाने लगा तो ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया. तकरीबन 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह जाम खुला. इसके बाद बच्चे का शव उसके घर पहुंच सका.
क्या है पूरा मामला?
जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की सुबह करीब 11:00 बजे बच्ची का खून से लथपथ शव जंगल में मिला. 4 साल की बच्ची सोमवार की रात शादी समारोह से गायब हो गयी थी. परिजनों की काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला था. गांव वालों ने जंगल के रास्ते झाड़ियां के बीच बच्चे का शव देखकर इसकी सूचना परिजनों को दी थी.
दुष्कर्म कर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि हैवान ने दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर दी. बच्ची के मुंह से खून निकल रहा था. उसकी एक आंख पर जख्म के निशान थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न कराकर बच्ची के शव को एंबुलेंस के माध्यम से उसके गांव भेज दिया.
4 घंटे रहा चक्का जाम
जब बच्ची का शव जाफराबाद पुल के पहले पहुंचा तो ग्रामीणों ने रास्ता रोक कर चक्का जाम कर दिया. उनकी मांग थी कि उनको तुरंत इंसाफ दिया जाए. इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों को कड़ी से पड़ी सजा देने की मांग शुरू कर दी.

बड़ी संख्या में ग्रामीणों को उपस्थित देख मौके पर भारी पुलिस फोर्स बुलाई गयी. इस दौरान सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता सीओ सदर परमानन्द कुशवाहा समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई. पुलिस के समझाने पर ग्रामीण नहीं मान रहे थे. उनकी मांग थी कि आरोपियों को उनके हवाले कर दिया जाए. 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह उनका प्रदर्शन समाप्त हुआ.
परिजन का आरोप
4 साल की बच्ची के बड़े पिता ने मीडिया से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ रेप कर उसकी हत्या की गई है. उन्हें इस मामले में इंसाफ चाहिए. उन्होंने कहा कि जाम के दौरान पुलिस ने उनके आश्वासन दिया कि वह अपनी कार्रवाई कर रहे हैं अगर आपको रिजल्ट नहीं दिखेगा तब आप प्रदर्शन करियेगा.