उत्तर प्रदेश में जालौन की उरई कोतवाली के बाहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेमी युगल ने अपनी शादी की जिद को लेकर बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया. प्यार में पागल युवक और युवती ने न केवल राहगीरों को हैरान किया, बल्कि खुद पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह की चेतावनी देकर पुलिस के हाथ-पांव भी फुला दिए.
सड़क के बीचों-बीच बैठकर चिल्लाए
पूरा मामला उरई मुख्यालय के एक ही मोहल्ले के रहने वाले प्रेमी युगल काफी समय से एक-दूसरे के साथ शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजनों की रजामंदी न होने के कारण मामला बिगड़ गया. अपनी बात मनवाने के लिए दोनों उरई कोतवाली के मुख्य गेट के सामने पहुंच गए और अपने ऊपर डीजल डाल लिया. सड़क के बीचों-बीच बैठकर दोनों ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि यदि उनकी शादी नहीं कराई गई, तो वे खुद को आग लगा लेंगे. शोर शराबा सुनकर कोतवाल उरई भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
वीडियो तेजी से वायरल
पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद दोनों के हाथ से माचिस छीनकर उन्हें हिरासत में लिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रेमी युगल की जिद और वहां मौजूद भीड़ साफ देखी जा सकती है.
नाबालिग है प्रेमिका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ. पता चला कि युवती नाबालिग है. इस जानकारी के बाद मामले ने गंभीर कानूनी मोड़ ले लिया. लड़की के पिता ने कानून का सहारा लेते हुए आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमी अजय के खिलाफ नाबालिग को बहलाने-फुसलाने और अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है, वहीं लड़की को काउंसलिंग और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है.
हालांकि जालौन पुलिस ने इस सम्बंध में कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया लेकिन अपने X अकाउंट पर लिखा कि प्रकरण के सम्बंध में वादी की तहरीर के आधार पर कोतवली उरई में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजिकृत कर लिया है. विवेचना और कार्यवाही प्रचलित है.