scorecardresearch
 

बिना तलाक दूसरी शादी कर रहा था पति, मंडप में पहुंची पत्नी, हंगामे के बाद ऐसे सुलझा मामला

हापुड़ में एक शख्स की दूसरी शादी के दौरान पहली पत्नी मंडप में पहुंच गई और हंगामा किया. मामला कोर्ट में चल रहा था. बाद में पंचायत में 14 लाख रुपये देकर समझौता हुआ और पत्नी ने शादी के लिए सहमति दे दी. पति ने दावा किया कि 42 लाख रुपये में पहले ही मामला सुलझ चुका है.

Advertisement
X
पति की दूसरी शादी में पहली पत्नी ने किया हंगामा. (Photo: Devendra Kumar Sharma/ITG)
पति की दूसरी शादी में पहली पत्नी ने किया हंगामा. (Photo: Devendra Kumar Sharma/ITG)

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब पति की दूसरी शादी के मंडप में पहली पत्नी पहुंच गई और जमकर हंगामा किया. मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी का बताया जा रहा है, जहां यह पूरी घटना हुई. जानकारी के अनुसार, दिल्ली की रहने वाली कंचन की शादी हापुड़ के आवास विकास कॉलोनी निवासी विकास से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और मामला न्यायालय में तलाक के रूप में विचाराधीन चल रहा था.

इसी बीच विकास ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने का फैसला किया और आवास विकास कॉलोनी के एक मंडप में शादी की तैयारी चल रही थी. जैसे ही कंचन को इसकी जानकारी मिली, वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गई और पुलिस को भी बुला लिया.

पति की दूसरी शादी में पहुंची पहली पत्नी 

मंडप में पहुंचते ही कंचन ने शादी रुकवा दी और वहां जमकर हंगामा किया. आरोप है कि इस दौरान उसने विकास के परिवार की एक महिला के साथ मारपीट भी की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शादी समारोह में मौजूद रिश्तेदारों और परिजनों के बीच इसके बाद पंचायत हुई. काफी देर तक बातचीत और समझौते की कोशिश के बाद मामला शांत हुआ. अंत में पति विकास द्वारा 14 लाख रुपये देने पर कंचन और विकास के बीच समझौता हो गया.

Advertisement

बताया जा रहा है कि कंचन ने 14 लाख रुपये लेकर बिना तलाक हुए ही विकास की दूसरी शादी को अपनी सहमति दे दी और इसके बाद वह अपने माता-पिता के साथ वापस दिल्ली लौट गई. इस पूरे मामले में विकास ने कैमरे पर बयान देने से इनकार किया, लेकिन उन्होंने बताया कि यह उनका निजी मामला है. उनके अनुसार, उनके और कंचन के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और न्यायालय में तलाक का मामला समाप्त होकर डिक्री हो चुकी है.

42 लाख रुपये में हुआ समझौता

विकास का कहना है कि कुल 42 लाख रुपये में समझौता हुआ था, जिसमें से 14 लाख रुपये बेटे के नाम पर जमा करने का आदेश कोर्ट ने दिया था और वह यह राशि जमा कर चुके हैं. साथ ही उन्होंने बताया कि उन्होंने कुल 42 लाख रुपये दे दिए हैं और अब मामला पूरी तरह सुलझ चुका है. इस घटना ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है और शादी का यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement