scorecardresearch
 

'मैं तुम्हें बहुत पसंद करता हूं... गले लगो', 12वीं छात्रा के आरोपों के बाद शिक्षक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

हापुड़ के एसएसवी इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा ने अर्थशास्त्र के शिक्षक डॉ. विजय कुमार मित्तल पर अशोभनीय व्यवहार, अनुचित प्रस्ताव देने, परीक्षा में फेल करने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार. (Photo: ITG)
पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार. (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के दिल्ली रोड स्थित एसएसवी इंटर कॉलेज से गुरु-शिष्या के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. कक्षा 12 की एक छात्रा ने कॉलेज में अर्थशास्त्र पढ़ाने वाले शिक्षक डॉ. विजय कुमार मित्तल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़ित छात्रा का आरोप है कि शिक्षक लंबे समय से उसके साथ अशोभनीय व्यवहार कर रहे थे. शिकायत के अनुसार, आरोपी शिक्षक उससे कहते थे, मैं तुम्हें बहुत पसंद करता हूं. आओ गले लगो, तुम्हें मेरी शक्ति मिलेगी. घर में अकेली हो तो बुलाना.

छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि शिक्षक कई बार कक्षा के भीतर और बाहर उससे अनुचित बातें करते थे. जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे परीक्षा में फेल कर शैक्षणिक भविष्य खराब करने की धमकी दी. शिकायत में यह भी कहा गया है कि मामले की जानकारी किसी को देने पर छात्रा और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई. पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी शिक्षक सामान्य फोन कॉल करने के बजाय व्हाट्सएप कॉल के जरिए उससे संपर्क करते थे, ताकि बातचीत का कोई रिकॉर्ड न रहे. छात्रा ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह लंबे समय से इस व्यवहार से परेशान थी.

व्हाट्सएप कॉल से संपर्क करने का भी लगाया आरोप

शिकायत में छात्रा ने यह भी दावा किया है कि कॉलेज की कम से कम सात अन्य छात्राएं भी आरोपी शिक्षक के व्यवहार से परेशान थीं. हालांकि, बदनामी और करियर खराब होने के डर से वो सामने नहीं आईं. मामले की शिकायत मिलने के बाद हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की. सीओ सिटी अनीता चौहान ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. जांच के बाद नाबालिग छात्रा के उत्पीड़न के मामले में आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

पुलिस ने आरोपी टीचर को किया गिरफ्तार 

हापुड़ पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि जिले में अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत थाना हापुड़ नगर पुलिस ने मुकदमा संख्या 376/2026 में आरोपी को दिल्ली रोड से गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75, 351(2), 352 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement