तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के मीरपेट इलाके में बुधवार शाम दो महिलाओं की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. वारदात जयश्री कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के बाद हुई. पुलिस को परिवार के एक रिश्तेदार सिद्दीकी पर शक है. घटना के बाद से वह फरार है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी सिद्दीकी की परिवार के सदस्यों से तीखी बहस हुई थी. इसके बाद उसने कथित तौर पर अपनी सास और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई.
महिलाओं ने पहले ही जताया था जान का खतरा
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोनों महिलाओं ने मीरपेट पुलिस से संपर्क किया था. उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और आरोपी से बचाव की मांग की थी. हालांकि, उनकी शिकायत पर पुलिस ने क्या कदम उठाए थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
हमले के बाद सिद्दीकी मौके से फरार हो गया. मीरपेट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं. दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.