लद्दाख के कारगिल में एक सड़क हादसे में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए. नेशनल हाईवे-01 पर नामिका ला पास के पास सेना का एक भारी वाहन बेकाबू होकर सड़क से फिसल गया और गहरी खाई में जा गिरा. हादसा इतना भीषण था कि वाहन के चालक और सह-चालक दोनों सैन्य कर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. फर्स्ट रेस्पोंडर के रूप में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर दोनों सैन्य कर्मियों के शवों को बाहर निकाला गया.
इसके बाद शवों को जरूरी चिकित्सकीय और कानूनी औपचारिकताओं के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया.
इस घटना को लेकर पुलिस थाना वाखा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.