scorecardresearch
 

डॉक्टर के घर मेड की नौकरी, मंद बुद्धि बेटे संग शादी की फर्जी तस्वीरें... 200 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए तीन शादी

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जो एक महिला को नौकरानी बनाकर घर में भेजता था, इसके बाद नौकरानी को मकान और संपत्ति पर कब्जा कर मालकिन बनाने की साजिश रचता था. इस गैंग ने पहले डॉक्टर दंपती की बुजुर्ग मां के घर एक मेड को भेजा, फिर संपत्ति हड़पने के लिए डॉक्टर के मंदबुद्धि बेटे से फर्जी तरीके से शादी कराने की साजिश रची.

Advertisement
X
लुटेरी कामवाली प्रीति.
लुटेरी कामवाली प्रीति.

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बेहद शातिर गैंग सामने आया है. इस गैंग ने एक डॉक्टर दंपती के यहां एक नौकरानी को भेजा. इसके बाद डॉक्टर के मंदबुद्धि बेटे के साथ फर्जी तरीके से शादी की तस्वीरें खिंचवा लीं और फिर 200 करोड़ की संपत्ति हड़पने का पूरा प्लान बना लिया. थाना मुरादनगर पुलिस ने इस गैंग के मास्टरमाइंड को पकड़ लिया है. 

पुलिस का कहना है कि इस गैंग ने पहले डॉक्टर दंपती की बुजुर्ग मां के घर एक मेड को घरेलू काम के लिए रखा. फिर उस नौकरानी की शादी बुजुर्ग महिला डॉक्टर के मंदबुद्धि बेटे से कराने की साजिश रची. गैंग ने बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके रिश्तेदारों को बताया कि डॉक्टर दंपती के मंदबुद्धि बेटे की शादी नौकरानी से हो गई है. इसी के साथ मृतका की करोड़ों की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया. इस गैंग ने मृतक महिला की बेटी को भी धमकी दी.

यह भी पढ़ेंः मुंबई में पकड़ा गया 'नौकरानी गिरोह'...घर में काम मांगती थीं, मौका मिलते ही कैश और गहने चोरी कर हो जाती थीं फुर्र

इसके बाद मृतक महिला की डॉक्टर बेटी ने मामले की शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने जब जांच-पड़ताल की तो पूरा मामला सामने आ गया. जांच में पता चला है कि मेड की पहले भी इसी तरह से 3 शादियां हो चुकी हैं और 3 बार तलाक भी हो गया. पुलिस ने मास्टरमाइंड और गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया है. वही गैंग की महिला सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुटी है.

Advertisement
सुधा और उनका बेटे शिवम सिंह, लुटेरी कामवाली प्रीति.
सुधा और उनका बेटे शिवम सिंह, लुटेरी कामवाली प्रीति.

गैंग ने कैसे चली शातिर चाल... ये है पूरी कहानी

बुजुर्ग महिला की बेटी डॉ. आकांक्षा सिंह ने मुरादनगर थाने में मकान पर कब्जा करने, गाली गलौज कर अभद्रता करने के साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 3 महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

यूआईएमटी कॉलेज की पूर्व चांसलर को यूं बनाया निशाना

पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपियों ने लोगों की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए गैंग बना रखा है. इस गैंग ने शिकायतकर्ता आकांक्षा सिंह की मां डॉ. सुधा सिंह की संपत्ति पर भी कब्जा करने की कोशिश की थी. डॉ. सुधा सिंह मुरादनगर के यूआईएमटी कॉलेज की पूर्व चांसलर थीं. सचिन नाम के आरोपी ने डॉ.सुधा सिंह से जान पहचान बढ़ाई और उनके घर आना-जाना शुरू कर दिया. इसके बाद सचिन ने प्रीति नाम की महिला महिला को डॉ. सुधा सिंह के घर पर मेड का काम दिलवाया.

ऐसे किया शादी का फर्जीवाड़ा, फिर कब्जा करने लगे संपत्ति

डॉ. सुधा सिंह का बेटा शिवम सिंह 50 प्रतिशत मंदबुद्धि है. सचिन ने डॉ. सुधा को झांसे में लेकर शिवम की शादी मेड प्रीति से कराने का फर्जीवाड़ा किया. इसकी खबर डॉ. सुधा की बेटी आकांक्षा को नहीं लगने दी. इसके बाद डॉ. सुधा का निधन हो गया. इसके बाद आरोपियों ने सुधा सिंह की करोड़ों की संपत्ति में हिस्से की मांग की और मकान में मेड का काम करने वाली महिला प्रीति को उस पर काबिज कर दिया. डॉ. सुधा सिंह की संपत्ति करीब 200 करोड़ की बताई जा रही है.

Advertisement

लुटेरी कामवाली प्रीति.

पूर्व चांसलर डॉ. सुधा सिंह की बेटी ने क्या बताया?

इस मामले में आकांक्षा सिंह ने कहा कि साजिश के तहत आरोपियों ने संपत्ति हड़पने के लिए यह साजिश रची थी. आकांक्षा ने कहा कि मुझे और मेरे परिवार को इस गैंग से खतरा है. गैंग की महिला सदस्य मेड प्रीति, उसके साथी परवेज और नीलम ने घर पर फर्जी तरीके से कब्जा करने का प्रयास किया. इन तीनों की गिरफ्तारी भी जल्द होनी चाहिए.

सोनीपत की रहने वाली है आरोपी मेड

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मेड का काम करने वाली महिला प्रीति मूल रूप से सोनीपत की रहने वाली है. उसने पूर्व में भी 3 फर्जी शादियां कीं. यह महिला आपराधिक प्रवृत्ति की है. इस मामले का मास्टरमाइंड सचिन शातिर किस्म का गैंगस्टर है, वह थाना मसूरी का हिस्ट्रीशीटर भी है. उसके खिलाफ गाजियाबाद में धोखाधड़ी, गैंगस्टर सहित करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं.

लोगों की संपत्ति पर कब्जा कर लेता है गैंग

पुलिस का कहना है कि यह गैंग इसी तर्ज पर लोगों की संपत्ति पर कब्जा करने और पैसे ऐंठने का काम करता है. डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने कहा कि गैंग के सरगना सचिन पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम नूरपुर मसूरी गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं गैंग की महिला सदस्यों और फर्जी शादी करने वाली मेड प्रीति की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement