इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन अब क्रिकेट में नई भूमिका निभाने जा रहे हैं. मैदान पर अपनी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले एंडरसन अब क्रिकेट टीम के मालिक बन गए हैं. उन्होंने इटली के नेपल्स शहर की फ्रेंचाइजी नैपोली नाइट्स (Napoli Knights) में सह-मालिक की जिम्मेदारी संभाली है. यह टीम अगले महीने शुरू होने वाली इटालिया टी10 लीग के पहले सीजन में हिस्सा लेगी.
एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, एंडरसन की इस नई पारी का ऐलान लंकाशायर के साथ उनका 25 साल का जुड़ाव खत्म होने के कुछ दिन बाद हुआ है. इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले एंडरसन के खेलने के भविष्य को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है.
44 साल के एंडरसन के साथ लंकाशायर के पूर्व विकेटकीपर ल्यूक सटन भी नैपोली नाइट्स के सह-मालिक होंगे. फ्रेंचाइजी का स्वामित्व ब्रिटिश टैलेंट मैनेजमेंट और स्पोर्ट्स कंसल्टिंग एजेंसी एक्टिवेट स्पोर्ट एंड लीजर (Activate Sport & Leisure) के पास होगा.
एंडरसन ने इस नई जिम्मेदारी को लेकर कहा- क्रिकेट ने मेरे करियर में मुझे बहुत कुछ दिया है. अब इस खेल से बिल्कुल अलग तरीके से जुड़ने का मौका मिलना ऐसी चीज है, जिसे लेकर मैं काफी उत्साहित हूं.
उन्होंने कहा कि ल्यूक सटन के साथ उनका पुराना रिश्ता रहा है, इसलिए उनके साथ यह नई चुनौती खास है. एंडरसन के मुताबिक, इटालिया टी10 एक रोमांचक कॉन्सेप्ट है और इसके जरिए इटली में क्रिकेट की पहचान बढ़ाने, शानदार खिलाड़ियों को एक साथ लाने और मनोरंजक टूर्नामेंट आयोजित करने का बड़ा अवसर है.
इटली में क्रिकेट को बढ़ावा देने की तैयारी
इटली में क्रिकेट लंबे समय से सीमित लोकप्रियता वाला खेल रहा है. हालांकि, इस साल पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने और ग्रुप मुकाबले में नेपाल को 10 विकेट से हराने के बाद वहां क्रिकेट को लेकर दिलचस्पी बढ़ी है.
इटालिया टी10 लीग का आयोजन 18 से 29 नवंबर तक होगा. इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी. इस लीग की शुरुआत एपेक्स टी10 लिमिटेड ने की है. इस कंपनी के मालिक एसेक्स और सरे के पूर्व बल्लेबाज नदीम शाहिद हैं.
शाहिद ने एंडरसन और सटन के फ्रेंचाइजी से जुड़ने पर कहा कि उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ काफी क्रिकेट खेला है और वह जानते हैं कि दोनों कितने प्रतिस्पर्धी हैं. उन्होंने कहा कि नैपोली नाइट्स के मालिक के तौर पर दोनों का जुड़ना इटालिया टी10 के लिए बड़ी बात है. उन्होंने यह भी कहा कि काउंटी क्रिकेट से जुड़े तीन इंग्लिश खिलाड़ी अब इटली में क्रिकेट को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे.
ल्यूक सटन के साथ पुराना रिश्ता
ल्यूक सटन एक्टिवेट स्पोर्ट एंड लीजर चलाते हैं और अपने करियर के शुरुआती दौर में एंडरसन के मैनेजर भी रह चुके हैं. दोनों 2006 से 2010 तक लंकाशायर में भी साथ रहे थे. सटन ने कहा कि क्रिकेट से लंबे समय तक जुड़े रहने के बाद एंडरसन के साथ इस नई और महत्वाकांक्षी पहल का हिस्सा बनना शानदार अवसर है. उनका लक्ष्य उभरते हुए क्रिकेट देश इटली में इस खेल को आगे बढ़ाना है.
उन्होंने कहा कि एक्टिवेट स्पोर्ट एंड लीजर के लिए यह सिर्फ एक क्रिकेट फ्रेंचाइजी का मालिक बनने तक सीमित नहीं है. कंपनी इंग्लैंड के स्कूलों और क्लबों के साथ अपने संबंधों और खेल विकास के अनुभव का इस्तेमाल करके इटली में क्रिकेट के लिए ऐसी विरासत बनाना चाहती है, जिसका असर लंबे समय तक रहे.