उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में पूर्व IAS दिव्या मित्तल की राजनीतिक सक्रियता इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. IAS पद से इस्तीफा देकर राजनीति में आने की घोषणा के बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. नवरात्र के दौरान मिर्जापुर पहुंचीं दिव्या मित्तल ने जनपद में लोगों से मुलाकात शुरू कर दी है. हाल ही में वह शहर के अनगढ़ इलाके में स्थित बृजधाम उत्सव लॉन में जायसवाल क्लब के कार्यक्रम में पहुंचीं. यहां उन्होंने जायसवाल समाज के लोगों से मुलाकात की. हालांकि, उन्होंने इस कार्यक्रम को राजनीतिक आयोजन मानने से इनकार किया.
दिव्या मित्तल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को चुना है, लेकिन वह किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने नहीं जा रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अपने अगले कदम की जानकारी वह इसी नवरात्र में साझा करेंगी. उनके इस बयान को उनके भविष्य की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है. दिव्या मित्तल ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को जनता के सामने अपनी बात रखनी चाहिए. उन्होंने कहा, "जो भी मुझे बुला रहा है, मेरा मन है कि मैं सभी से मिलूं. चाहे गली में हो या उनके किसी कार्यक्रम में, मैं जाकर उनसे मिलूंगी." उन्होंने कहा कि लोगों से मिलने पर उन्हें नई ऊर्जा मिलती है.
दिव्या मित्तल ने राजनीतिक दलों से बनाई दूरी
पूर्व IAS ने यह भी साफ किया कि उन्होंने अभी तक अपने अगले कदम की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. उन्होंने कहा कि जब भी वह कोई कदम उठाएंगी, उसकी सार्वजनिक घोषणा करेंगी. उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने की उनकी योजना नहीं है और अगले कदम के बारे में लोगों को जल्द जानकारी देंगी. दिव्या मित्तल ने कहा, "मैंने उत्तर प्रदेश को चुना है. मेरी आधिकारिक घोषणा के लिए आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा. मैं अपने हर एक कदम की सार्वजनिक घोषणा करूंगी. अगला कदम इसी नवरात्र में साझा करूंगी." उनके इस बयान के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि वह उत्तर प्रदेश में आगे किस तरह की भूमिका निभाती हैं.
वहीं, जायसवाल क्लब के आयोजकों ने इस मुलाकात को राजनीतिक कार्यक्रम मानने से इनकार किया है. कार्यक्रम आयोजक आशीष जायसवाल ने बताया कि क्लब की ओर से 14 तारीख को डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाना है. इसी कार्यक्रम के लिए दिव्या मित्तल को आमंत्रित किया गया है. उन्होंने आने का वादा किया है. आशीष जायसवाल ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है.
उत्तर प्रदेश को लेकर बताई अपनी योजना
दिव्या मित्तल को डांडिया आयोजन के लिए बुलाया गया है और उन्होंने कार्यक्रम में आने की सहमति दी है. फिलहाल दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश को अपनी प्राथमिकता बताते हुए किसी राजनीतिक दल में शामिल होने से इनकार किया है. साथ ही उन्होंने नवरात्र के दौरान अपने अगले कदम की जानकारी सार्वजनिक करने की बात कही है. ऐसे में मिर्जापुर में उनकी बढ़ती सक्रियता और आने वाली घोषणा पर लोगों की नजर बनी हुई है.