scorecardresearch
 

'सैफई खानदान की कुंडली में 2047 तक सत्ता का योग नहीं...', कौशांबी में बोले डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य

कौशांबी में सरस महोत्सव के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सैफई खानदान के उत्तराधिकारियों की कुंडली में 2047 तक सत्ता का कोई योग नहीं है. मौर्य ने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत से बीजेपी की सरकार बनेगी और विपक्षी दल पूरी तरह हताश हैं.

Advertisement
X
 डिप्टी सीएम का विपक्ष पर हमला.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)
 डिप्टी सीएम का विपक्ष पर हमला.(Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में आयोजित सरस महोत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शिरकत की. इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ फूलों की होली खेली और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को सम्मानित भी किया.

कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सैफई खानदान के उत्तराधिकारियों की कुंडली में 2047 तक सत्ता में आने का कोई योग नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी.

यह भी पढ़ें: 'बजट पढ़ लेते तो विरोध नहीं करते...', कौशांबी में विपक्ष पर डिप्टी CM केशव मौर्य का तीखा हमला

विपक्ष पर बोला तीखा हमला

अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में और कांग्रेस देश में पूरी तरह हताश हो चुकी है.

उन्होंने कहा, 'सैफई खानदान के उत्तराधिकारियों के भाग्य में 2047 तक सत्ता की कुंडली का कोई योग नहीं है. 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी.' उन्होंने यह भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में दुष्प्रचार और अफवाहों के सहारे विपक्ष को कुछ सीटें मिल गईं, जिससे उन्हें अहंकार हो गया था.

Advertisement

विपक्षी दलों पर लगाए आरोप

डिप्टी सीएम ने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार की जनता ने विपक्ष के उस अहंकार को चकनाचूर कर दिया है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की कोई वापसी नहीं चाहता, बसपा आने वाली नहीं है और कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं रह गया है.

महंगाई को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव के पास बहुत पैसा है, इसलिए उन पर महंगाई का कोई असर नहीं पड़ता.

अन्य मुद्दों पर भी दिया बयान

आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के जेडीयू में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति में उनका स्वागत होना चाहिए और भाजपा नीतीश कुमार के फैसले का स्वागत करती है.

उन्होंने आगे कहा कि चारों तरफ कमल के फूल की आंधी चल रही है, जिससे विपक्षी दल बौखलाए हुए हैं. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के पास गुंडे, अपराधी और माफिया हैं, जबकि भाजपा गरीबों के साथ खड़ी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement