scorecardresearch
 

चंदौली में बुलडोजर एक्शन: मुगलसराय की सड़कों पर दूसरे दिन भी गरजी मशीनें, ढहाए गए 50 से अधिक अवैध निर्माण

चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में सड़क चौड़ीकरण की राह में आने वाले अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर लगातार दूसरे दिन भी गरज रहा है. भारी फोर्स की मौजूदगी में जीटी रोड के किनारे बनी दर्जनों दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के अवैध हिस्सों को जमींदोज किया जा रहा है.

Advertisement
X
मुगलसराय अवैध अतिक्रमण पर एक्शन (Photo- ITG)
मुगलसराय अवैध अतिक्रमण पर एक्शन (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश के चंदौली स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (पुराना मुगलसराय) में सड़क चौड़ीकरण के लिए अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जीटी रोड के किनारे बुलडोजर चलाकर अवैध स्ट्रक्चर को ध्वस्त किया. पड़ाव से गोधना बाईपास तक होने वाले इस चौड़ीकरण की जद में आने वाली दुकानों, मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पहले ही नोटिस देकर चिन्हित किया गया था. गुरुवार को शुरू हुए इस अभियान में अब तक 50 से अधिक निर्माण गिराए जा चुके हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानक के अनुसार पीडब्ल्यूडी की जमीन खाली होने तक यह कार्रवाई जारी रहेगी.

नोटिस के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण

सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने सड़क के बीच से दोनों तरफ पैमाइश कर अतिक्रमण की मार्किंग की थी. स्थानीय प्रशासन द्वारा सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई गई और संबंधित लोगों को खुद ही अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी दी गई थी. 

अधिकारियों के अनुसार, कई लोगों ने स्वतः ही अपने निर्माण हटा लिए थे, लेकिन जिन्होंने ऐसा नहीं किया, उनके खिलाफ गुरुवार सुबह से बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया गया.

शहर के मुख्य बाजार में मची अफरा-तफरी

बुलडोजर की इस कार्रवाई से शहर के प्रमुख मार्केट में हड़कंप का माहौल है. जीटी रोड के दोनों किनारों पर स्थित कॉलेज, मस्जिद, मंदिर और रिहायशी मकानों का जो हिस्सा पीडब्ल्यूडी की जमीन में आ रहा है, उसे तोड़ा जा रहा है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे. शुक्रवार सुबह से ही अधिकारियों की मौजूदगी में दुकानों के आगे निकले हिस्सों को गिराने का काम तेजी से चल रहा है.

Advertisement

एसडीएम ने कहा- जारी रहेगी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा की गई मार्किंग के आधार पर ही अवैध हिस्सों को हटाया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि शहर के अंदरूनी हिस्सों में सड़क को मानक के अनुसार चौड़ा करने के लिए यह कदम अनिवार्य है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement