शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के निवासी शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को मंगलवार को सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने लाए थे. परीक्षा खत्म होने के बाद जब दोनों स्कॉर्पियो गाड़ी से वापस लौट रहे थे, तभी परीक्षा केंद्र से कुछ ही दूरी पर हाईवे के पास घात लगाए बैठे हमलावरों ने गाड़ी की खिड़की से शिव कुमार के सिर में बिल्कुल सटाकर गोली मार दी. प्रेम विवाह से नाराज आकांक्षा के भाई और अन्य परिजनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया, जिससे अस्पताल में डॉक्टरों ने शिव कुमार को मृत घोषित कर दिया.
शादी के महज 4 महीने बाद उजड़ गया सुहाग
मृतक शिव कुमार के भाई शिवम कुमार ने भी आकांक्षा के परिवार पर इस हत्या का सीधा आरोप लगाया है. प्रेम विवाह के महज तीन-चार महीने बाद ही इस खौफनाक वारदात से हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया. पुलिस के आला अधिकारियों ने भारी बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बदहवास पत्नी आकांक्षा ने बयां किया खौफनाक मंजर
इस दर्दनाक हादसे के बाद बदहवास हुई पत्नी आकांक्षा ने रोते हुए मीडिया और पुलिस के सामने अपने मायके वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. आकांक्षा ने बताया, "मैंने तीन-चार महीने पहले गांव के ही शिव कुमार से लव मैरिज की थी, तभी से मेरे घरवाले हमारी जान के दुश्मन बने हुए थे और हमें फोन पर प्रताड़ित कर रहे थे."
'भाई ने गोली मारी, पूरा परिवार वहां मौजूद था'
आकांक्षा ने रोते हुए कहा, "गोचर इंटर कॉलेज में मेरा पेपर था और वहां मेरे घर के सारे लोग पहुंचे थे. जब हम गाड़ी से वापस जा रहे थे, तो रास्ते में उन्होंने मेरे आदमी की खिड़की में सटाकर गोली मार दी. गोली मेरे भाई ने मारी, लेकिन वहां मेरी मम्मी बिमला, बहन, जीजा, मौसा और बाइक पर आए मामा करमवीर, धर्मवीर और परमजीत भी मौजूद थे. वे कह रहे थे कि अब ये बचने नहीं चाहिए और वे मुझे भी मारने की कोशिश कर रहे थे." आकांक्षा ने सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं. परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है. वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी