scorecardresearch
 

संभल में ऑनर किलिंग: मौसेरे भाई से निकाह की जिद पर अड़ी थी बहन, सगे भाई ने सोते समय गोली मारकर उतारा मौत के घाट

संभल में प्रेम प्रसंग के चलते एक भाई ने अपनी ही बहन की हत्या कर दी. युवती अपने मौसेरे भाई से निकाह करना चाहती थी, जो भाई को मंजूर नहीं था. पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर कब्रिस्तान से हथियार बरामद कर लिया है.

Advertisement
X
संभल में भाई ने अपनी बहन को मार डाला (Photo- ITG)
संभल में भाई ने अपनी बहन को मार डाला (Photo- ITG)

यूपी के संभल जिले में शमी मोहम्मद ने अपनी 20 वर्षीय बहन मुस्कान की गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात ऑनर किलिंग का मामला है क्योंकि मुस्कान अपने मौसेरे भाई से निकाह करने की जिद पर अड़ी थी और शमी इस रिश्ते के खिलाफ था. 11 जून को हुए विवाद के बाद अगले दिन जब युवती घर पर सो रही थी, तब भाई ने तमंचे से उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कब्रिस्तान में छिपाए गए अवैध तमंचे और कारतूस बरामद कर इस हत्याकांड का खुलासा किया है. पूरा मामला गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के सैंजना गांव का है. 

निकाह की जिद बनी मौत की वजह

मृतक युवती मुस्कान का अपने मौसेरे भाई के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार और खासकर उसका भाई शमी मोहम्मद इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था. 

वारदात से एक दिन पहले, यानी 11 जून को भाई-बहन के बीच इसी बात को लेकर काफी तीखी बहस और विवाद भी हुआ था. मुस्कान अपनी जिद छोड़ने को तैयार नहीं थी, जिससे नाराज होकर भाई ने खौफनाक कदम उठाने की साजिश रच डाली.

सोती हुई बहन पर चलाई गोली

12 जून को जब मुस्कान घर के अंदर चारपाई पर सो रही थी, तभी शमी मोहम्मद ने मौके का फायदा उठाया और अवैध तमंचे से उस पर फायर कर दिया. गोली लगने से मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी भाई वहां से फरार हो गया. जब युवती की मां घर वापस लौटी, तो बेटी का खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए. ग्राम प्रधान ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी.

Advertisement

कब्रिस्तान से बरामद हुआ हत्या में इस्तेमाल तमंचा

संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद हत्यारे भाई शमी मोहम्मद को दबोच लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस टीम उसे कब्रिस्तान लेकर गई, जहां उसने हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा और कारतूस छिपा रखा था. पुलिस ने दोनों चीजें बरामद कर ली हैं. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement