भाजपा नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने देश में राम मंदिर दानपात्र विवाद और अन्य मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी है. गोंडा में अपने पैतृक आवास विष्णोहरपुर (नवाबगंज) में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पेपर लीक से लेकर अयोध्या राम मंदिर और पहलवानों के विवाद पर बात की.
देशभर में गरमाए पेपर लीक मामले पर विपक्ष द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर पलटवार करते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा, "क्या धर्मेंद्र प्रधान जी इस्तीफा दे दें, तो कोई गारंटी ले सकता है कि दोबारा पेपर लीक नहीं होगा?"
उन्होंने कहा कि पेपर लीक के पीछे अधिकारियों और कर्मचारियों का एक पूरा नेक्सस काम करता है. मंत्री हर जगह जाकर रखवाली नहीं कर सकता. उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि पहली बार बड़े अधिकारियों पर गाज गिरी है. सिंह ने भरोसा जताया कि जो सरकार कश्मीर और बंगाल की समस्या सुलझा सकती है, वह इस पेपर लीक तंत्र को भी ध्वस्त करेगी.
राम मंदिर दानपात्र को लेकर कही ये बात
अयोध्या राम जन्मभूमि के दानपात्र से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर जब उनसे सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद चौंकाने वाला रुख अपनाया. बृजभूषण सिंह ने कहा, "देखिए, अगर मैं सच बोल दूंगा तो बहुत परेशानी में आ जाऊंगा. क्योंकि वो बहुत बड़े लोग हैं. सत्य बोलने की हिम्मत अभी हमारी नहीं है, कभी सही समय आएगा तो बोलेंगे."
Explainer: अयोध्या राम मंदिर के धन संग्रह में गड़बड़ी के आरोप? यहां समझिए दान का पूरा गणित
काफी दिनों से मुख्य राजनीतिक परिदृश्य से गायब रहने के सवाल पर उन्होंने महिला पहलवानों के आंदोलन की तरफ इशारा करते हुए तंज कसा. उन्होंने कहा, '2023 में कुछ वर्ल्ड चैंपियन और विश्व चैंपियन हैं, जिन्होंने कुछ रायता फैलाया था, फिलहाल मैं उसी को समेटने में लगा हुआ हूं.'
अमित शाह की तारीफ
पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति पर गृह मंत्री की तारीफ करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि अमित शाह बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने 'पत्थर पर दूब उगाने' का काम किया है. वहां चल रही नेताओं की भगदड़ यह साबित करती है कि लोग पूर्ववर्ती व्यवस्थाओं से कितने त्रस्त थे. वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश में कोई सीरियस नहीं लेता. वह जब तक विपक्ष के नेता रहेंगे और गलत बयानबाजी करते रहेंगे, तब तक भाजपा के सामने कोई चुनौती नहीं है.