scorecardresearch
 

बृजभूषण शरण सिंह के बेटे को जान से मारने की धमकी, प्रतीक भूषण के फोन पर आई राजस्थान से कॉल

उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है. भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे व स्थानीय विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

Advertisement
X
बृजभूषण शरण सिंह के बेटे प्रतीक को जान से मारने की धमकी. (Photo-X)
बृजभूषण शरण सिंह के बेटे प्रतीक को जान से मारने की धमकी. (Photo-X)

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और गोंडा से विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि धमकी भरा फोन राजस्थान से आया था.

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला दो दिन पुराना है जब विधायक प्रतीक भूषण सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी. फोन करने वाले व्यक्ति ने विधायक को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी. इस घटना के बाद विधायक के सुरक्षा घेरे और स्थानीय समर्थकों में चिंता बढ़ गई है.

पुलिस ने बताया कि विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने इस पूरे मामले को लेकर गोंडा के कोतवाली नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें धमकी दिए जाने का साफ आरोप लगाया गया है. पुलिस की शुरुआती जांच में धमकी देने वाले मुख्य आरोपी की पहचान संदीप शर्मा के रूप में हुई है जो राजस्थान के अलवर जिले का निवासी बताया जा रहा है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस प्रशासन इस वक्त आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रहा है और इसके साथ ही इस धमकी भरे फोन कॉल की तकनीकी सत्यता तथा विधायक को धमकी दिए जाने के मुख्य कारणों की भी बारीकी से जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement