बिहार की रहने वाली पूनम देवी नामक महिला बलिया जिले के सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के लीलकर गांव में स्थित एक ऊंचे एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ गई. यह हाई-वोल्टेज ड्रामा कल दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुआ, जो पिछले 24 घंटे से भी अधिक समय तक चला. महिला अपने तथाकथित प्रेमी सौरभ बिंद को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी थी. इस खतरनाक ऊंचाई पर बैठकर वह प्रशासन पर दबाव बना रही थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लाउडस्पीकर के जरिए महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई. आज दोपहर वह नीचे आई.
प्रेमी की तलाश में बलिया पहुंची महिला
महिला की इस हरकत से बलिया का लीलकर गांव छावनी में तब्दील हो गया था. टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठी पूनम देवी बिहार से अपने प्रेमी को तलाशते हुए यहां तक पहुंची थीं. स्थानीय लोगों के अनुसार, दिन से रात और रात से फिर दोपहर हो गई, लेकिन महिला नीचे उतरने का नाम नहीं ले रही थी. पुलिस के मुताबिक यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है.
शादीशुदा प्रेमी की ससुराल में हंगामा
पूनम देवी जिस सौरभ बिंद नामक व्यक्ति को बुलाने की मांग कर रही थी, वह उभांव का रहने वाला है. सौरभ बिंद पहले से ही शादीशुदा है और उसकी ससुराल इसी लीलकर गांव में है. जब पूनम को सौरभ का सुराग मिला, तो वह सीधे लीलकर गांव पहुंच गई. अपनी बात को रखने के लिए उसने यह खतरनाक रास्ता चुना.
पुलिस ने आरोपी प्रेमी को किया ट्रेस
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे से प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. बलिया के पुलिस उपाधीक्षक रजनीश कुमार यादव ने बताया कि महिला से बातचीत के बाद सौरभ बिंद को देवरिया से ट्रेस कर लिया गया है. पुलिस आरोपी प्रेमी को जल्द ही मौके पर ला रही है ताकि महिला को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके और इस ड्रामे का पटाक्षेप हो सके. फिलहाल, बुधवार दोपहर बाद महिला को फाइनली नीचे उतार लिया गया.