scorecardresearch
 

बैटल ऑफ स्टूडेंट्स: बागपत के कॉलेज में लाठी-डंडे और फावड़ा-कुदाल लेकर भिड़े छात्र, 71 पर FIR; 14 पुलिसकर्मी लाइनहाजिर

बागपत में शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज (पदड़ा गांव) परिसर में रामलीला के पुराने विवाद को लेकर दो छात्र गुटों के बीच लाठी-डंडों और फावड़ों से खूनी संघर्ष हुआ. इस घटना में कई छात्र घायल हो गए और वीडियो वायरल हो गया. मामले में 71 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. वहीं, पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसपी ने टटीरी चौकी के 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है.

Advertisement
X
बागपत कॉलेज में हुए बवाल में कई छात्र घायल (Photo- Screengrab)
बागपत कॉलेज में हुए बवाल में कई छात्र घायल (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के कॉलेज में छात्रों के बीच खूनी बवाल हुआ तो पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई. लाठी-डंडों से लेकर फावड़े और कुदाल तक लेकर पहुंचे छात्र गुटों ने कॉलेज परिसर को अखाड़ा बना दिया. मारपीट में कई लोग घायल हुए और गाली-गलौच से भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद SP ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरी टटीरी पुलिस चौकी के 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि 71 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई.

दरअसल, पूरा मामला बागपत कोतवाली क्षेत्र के पदड़ा गांव स्थित शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज का है. बताया गया है कि रामलीला के दौरान दो छात्र गुटों के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद ने बाद में रंजिश का रूप ले लिया. आरोप है कि बीते दिन कॉलेज पहुंचते ही एक छात्र तालिब गुट ने दूसरे पक्ष के छात्र मोहित और विकुल के साथ मारपीट शुरू कर दी. उनके हाथों में फावड़ा और कुदाल जैसे औजार भी देखे गए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ. 

कॉलेज परिसर में अचानक शुरू हुई मारपीट से अफरा-तफरी मच गई. छात्र गुटों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. जिस परिसर में कुछ देर पहले पढ़ाई हो रही थी, वहां चीख-पुकार गूंजने लगी. स्कूल के अध्यापकों ने जैसे तैसे लाठियां छीनी और पुलिस को बुलाया. वहीं बवाल के दौरान छात्र-छात्राएं दहशत में आ गए. मारपीट के बीच कई लोग घायल हुए. घटना के दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Advertisement

मामला दो समुदाय से जुड़े होने और कॉलेज में हुए इस बवाल के बाद बागपत एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने मामले में सख्त रुख अपनाया है. प्रकरण में 71 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस अब मामले में शामिल लोगों की भूमिका और घटनाक्रम की जांच कर रही है. 

वहीं घटना में पुलिस की कथित लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी कार्रवाई हुई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए बागपत के SP ने टटीरी पुलिस चौकी पर कार्रवाई की है. चौकी प्रभारी सीमा चौहान और एक सब-इंस्पेक्टर समेत कुल 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है. इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.

उधर, ग्राम प्रधान योगेंद्र धामा ने बताया कि कॉलेज में झगड़ा हुआ है. छात्र पेपर देने गया था. कुछ दिन पहले रामलीला में बवाल हुआ था. उसको लेकर ही ये पूरा विवाद हुआ है. फिलहाल, पुलिस जांच कर रही है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement