scorecardresearch
 

कुछ ही घंटों में बदल गया दूल्हा... दुल्हन के आशिक से डरकर बारात ही नहीं ले गए दारोगा जी, फिर प्रेमी ने की शादी

यूपी के बस्ती में एक दारोगा की शादी वाले दिन बड़ा उलटफेर हो गया. दारोगा दूल्हा बारात निकालने को तैयार था, तभी दुल्हन का प्रेमी उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी दे गया. घटना के बाद दूल्हा डर गया और बारात ले जाने से मना कर दिया. इधर दुल्हन पक्ष ने हालात देखते हुए उसी प्रेमी से शादी करा दी.

Advertisement
X
शादी के बाद विवाह प्रमाण पत्र भी दोनों को दिया गया  (Photo ITG)
शादी के बाद विवाह प्रमाण पत्र भी दोनों को दिया गया (Photo ITG)

शादी का घर, सेहरे में सजा दूल्हा, बारात निकलने को तैयार और तभी अचानक एक कार आकर रुकती है. दरवाजे पर उतरा युवक खुद को दुल्हन का प्रेमी बताता है और कहता है कि अगर बारात लेकर गए तो सही सलामत नहीं लौटोगे. इसके बाद पूरी कहानी बदल जाती है. दूल्हा बारात ले जाने से इनकार कर देता है,  फिर प्रेमी दुल्हन के घर जाकर उसके साथ शादी कर लेता है. 

शेरवानी में तैयार थे दूल्हा राजा, तभी पहुंचा ‘आशिक’

यह फिल्मी टाइप की कहानी दुबौलिया थानाक्षेत्र के पकड़ी चौहान गांव में हुई. घर में खुशी का माहौल था. रिश्तेदार जुट चुके थे. दूल्हा जो लखनऊ में दरोगा के पद पर तैनात है शेरवानी पहनकर तैयार हो चुका था. बारात निकलने की घड़ी नजदीक थी. इसी बीच दोपहर के वक्त एक कार आकर घर के बाहर रुकती है. कार से उतरा युवक सीधे अंदर पहुंचता है और खुद को दुल्हन का प्रेमी बताता है. शुरुआत में लोगों को लगा कोई मजाक कर रहा है, लेकिन अगले ही पल माहौल पूरी तरह बदल गया. घर के भीतर खड़े होकर उस युवक ने दूल्हे को सीधी धमकी दी अगर बारात लेकर गए तो सही सलामत वापस नहीं आओगे. ये सुनते ही वहां मौजूद लोग सन्न रह गए. कुछ लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी कार छोड़कर मौके से भाग निकला. कुछ ही मिनटों में खुशी का माहौल तनाव में बदल चुका था.

Advertisement

घर में पसरा सन्नाटा, थम गई तैयारियां

घटना इतनी तेजी से हुई कि कोई समझ ही नहीं पाया कि आगे क्या किया जाए. दूल्हा और उसके परिजन सकते में थे. शादी जैसे बड़े मौके पर ऐसी धमकी ने सभी को असमंजस में डाल दिया. परिवार की तरफ से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. लेकिन इस बीच जो होना था, वो हो चुका था दूल्हा अब बारात ले जाने के लिए तैयार नहीं था. काफी समझाने-बुझाने के बाद भी दूल्हा अपने फैसले पर अड़ा रहा. उसने साफ कह दिया कि वह अब बारात लेकर नहीं जाएगा. परिवार और रिश्तेदारों ने मनाने की कोशिश की, लेकिन धमकी का असर साफ दिखाई दे रहा था. इधर दुल्हन पक्ष को जब इसकी जानकारी मिली, तो वहां भी हलचल मच गई. बारात के इंतजार में बैठे लोगों के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं थी.

दुल्हन के घर में बढ़ी बेचैनी

मड़वानगर गांव में दुल्हन पक्ष पूरी तैयारी के साथ बारात का इंतजार कर रहा था. होटल ग्रीन वैली में शादी का आयोजन होना था. मेहमान पहुंच चुके थे, सजावट पूरी हो चुकी थी. लेकिन जैसे ही यह खबर पहुंची कि बारात नहीं आएगी, माहौल बदल गया. परिवार के लोग पहले तो हैरान हुए, फिर कारण जानने की कोशिश शुरू हुई. जब पूरी घटना सामने आई, तो स्थिति और गंभीर हो गई.

Advertisement

मजबूरी में लिया गया बड़ा फैसला

लंबी बातचीत और मान-मनौव्वल के बाद भी जब दूल्हा नहीं माना, तो दुल्हन पक्ष के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो गया. इन सबके बीच परिवार ने एक बड़ा फैसला लिया. जिस युवक ने दूल्हे को धमकाया था, वही दुल्हन का प्रेमी था. आखिरकार, परिस्थितियों के चलते दुल्हन की शादी उसी प्रेमी से करा दी गई.

गांव में चर्चा का विषय बना मामला

यह पूरा घटनाक्रम इलाके में चर्चा का विषय बन गया. लोग तरह-तरह की बातें करते नजर आए. किसी ने इसे फिल्मी बताया, तो किसी ने इसे चौंकाने वाला मोड़ कहा. गांव से लेकर शहर तक, हर जगह यही चर्चा रही कि कैसे एक दूल्हा तैयार होकर भी बारात नहीं ले जा सका, और कैसे प्रेमी ने आकर पूरी कहानी बदल दी.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. छानबीन भी की गई. लेकिन अभी तक दूल्हा या उसके परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. दुबौलिया थानाध्यक्ष का कहना है कि अगर तहरीर मिलती है, तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement