scorecardresearch
 

प्रिंसिपल का डंडा, मासूम की चीखें... बांदा में पिटाई से सहमा छात्र और लहूलुहान हालत में पहुंचा घर

बांदा के शहर कोतवाली क्षेत्र में होमवर्क पूरा न करने पर प्रिंसिपल द्वारा चौथी कक्षा के छात्र की डंडे से पिटाई का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार बच्चा लहूलुहान हालत में घर पहुंचा था. वहीं, परिजनों के तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. ASP मेविस टॉक ने बताया कि मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement
X
होमवर्क न करने पर मासूम को डंडों से पीटा.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)
होमवर्क न करने पर मासूम को डंडों से पीटा.(Photo: Siddhartha Gupta/ITG)

उत्तर प्रदेश के बांदा से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के शहर कोतवाली क्षेत्र में होमवर्क पूरा और सही तरीके से न करने पर एक प्रिंसिपल पर चौथी कक्षा के छात्र की बर्बर पिटाई करने का आरोप लगा है. आरोप है कि प्रिंसिपल ने छात्र को डंडे से इतना मारा कि वह लहूलुहान हालत में घर पहुंचा. बच्चे के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं.

परिजनों के अनुसार, कुशवाहा नगर निवासी राघव शहर के ही एक स्कूल में कक्षा चार का छात्र है. बताया गया कि होमवर्क सही से पूरा न करने पर कथित तौर पर प्रिंसिपल ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. छात्र अचेत जैसी हालत में घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार उसे लेकर सीधे थाने पहुंच गया.

यह भी पढ़ें: 679 तस्वीरें, विदेशी कनेक्शन और 33 मासूम बच्चे… बांदा कांड की वो सच्चाई जो सन्न कर देगी

परिजनों का आरोप, पहले भी हुई थी मारपीट

पीड़ित परिवार का कहना है कि बच्चे के शरीर के कई हिस्सों में डंडे के चोट के निशान मिले हैं. परिजनों ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका यह भी आरोप है कि पहले भी बच्चे के साथ मारपीट की गई थी. घटना के बाद से छात्र स्कूल जाने से डर रहा है और उसे आशंका है कि दोबारा उसके साथ ऐसी घटना हो सकती है.

Advertisement

मामले की जानकारी मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी शिक्षक को बुलाकर पूछताछ की है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) मेविस टॉक ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र से सूचना मिली थी कि एक शिक्षक द्वारा बच्चे की पिटाई की गई है, जिससे उसे चोटें आई हैं. इस संबंध में तहरीर लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement