यूपी के बांदा में एक वर्दी धारी पुलिस कांस्टेबल का घूस लेते वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है. जिसमें साफ दिखाई दे रहा कि सिपाही वर्दी में घूस ले रहा है. इतना ही नहीं बड़ी बात है कि रिश्वत लेने के बाद काम होने की गारंटी भी दे रहा है. वीडियो वायरल होते ही लोग कार्रवाई की मांग करने लगे, जिसके बाद एसपी ने संज्ञान लिया और ज़ीरो टॉलरेंस के तहत एक्शन लेते हुए उक्त सिपाही को सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दे दिए.
मामले की जांच DSP रैंक के अधिकारी से कराई जा रही है. रिश्वत लेने का ये वायरल वीडियो फतेहगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जहां तैनात एक कांस्टेबल थाना क्षेत्र के इलाके में जाकर लोगों से घूस ले रहा था. मौके से किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया. वीडियो में 500 का नोट लेते हुए दिख रहा है. इतना ही नहीं पैसे लेने के बाद लोगों को काम होने की गारंटी दे रहा है और कह रहा कि हमारे जैसा आदमी नहीं मिलेगा. तुम्हें नहीं आना पड़ेगा, सिर्फ उसको कागज के साथ भेज देना.
यह भी पढ़ें: IAS अभिषेक प्रकाश होंगे बहाल, 1 करोड़ रिश्वत मामले में हुए थे सस्पेंड
एसपी ने क्या कहा?
वीडियो वायरल होते ही पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे तो एसपी ने तुरंत संज्ञान में लेकर सिपाही को लाइन हाजिर करके विभागीय जांच शुरू कर दी है. वायरल वीडियो बीते कुछ माह का बताया जा रहा है. हालांकि आजतक इसकी पुष्टि नहीं करता है.
एसपी के मीडिया सेल ने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो को संज्ञान में लिया गया है. तत्काल प्रभाव से सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है, डिप्टी एसपी को जांच करने के आदेश दिए गए हैं.