उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां बबेरू कस्बे में एक सराफा व्यापारी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. इस घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दी और मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके दोनो पैरों में गोली लगी है. पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया. उस दौरान आरोपी कहता रहा- बाबू जी गलती हो गई, माफ कर दीजिए.
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के दुलथोक के रहने वाले तेज सोनी प्रतिष्ठित सराफा व्यापारी थे. शुक्रवार रात वह किसी काम से बाजार गए थे. इसी दौरान हमलावर ने उन पर फायरिंग कर दी. एक गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.
गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सूचना पर एसपी पलाश बंसल पुलिस टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद परिजन और व्यापारी आक्रोशित हो गए, उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. मौके पर पुलिस अफसरों ने सख्त एक्शन लेने की बात कहकर मामले को शांत कराया.
यह भी पढ़ें: लखनऊ के गुरुकुल में मासूम छात्र की पीट-पीटकर हत्या, कार में शव लादकर घर फेंक गए संचालक और उसकी महिला मित्र
घटना के बाद एसपी ने कई टीमों का गठन किया. चारों तरफ से घेराबंदी कर दी और महज दो घंटे में आरोपी 60 वर्षीय असलम को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. उसके दोनों पैरों में गोली लगी है. पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. इस दौरान आरोपी चिल्लाता रहा- बाबू जी माफ कर दीजिए, गलती हो गई.
पुलिस का कहना है कि आरोपी और मृतक कुछ साल पहले मुंबई में काम करते थे. लौटने के बाद आरोपी मृतक से हिसाब करने को कह रहा था. मृतक सब बराबर हो जाने की बात कह रहा था. इसी को लेकर कहासुनी हुई और गोली मार दी. इसके बाद मौके से भाग निकला. जब पुलिस ने घेराबंदी की और पकड़ने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया. जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है.
एसपी पलाश बंसल ने घटना की सूचना मिली थी. पुलिस पहुंची तो मौके पर शराब की बोतल व अन्य सामान मिला. इसके बाद पुलिस टीमों ने आरोपी को 2 घंटे के भीतर मुठभेड़ में अरेस्ट कर लिया. आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है. उसका इलाज चल रहा है. पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.